
बहरोड़ में जयपुर-दिल्ली हाईवे की सर्विस रोड पर शेरपुर गांव के पास गुरुवार सुबह सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप ने ईको कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और दूध के खाली कैरेट से भरी पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे में ईको कार सवार दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घायलों को निजी वाहन से बहरोड़ के विशंभर दयाल राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया।
पुलिस के अनुसार शेरपुर निवासी केसरी (60) पत्नी राम सिंह और उनकी पुत्रवधू शकुंतला (30) पत्नी सोनू ईको कार में बैठने के लिए आ रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने ईको कार को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण दोनों महिलाओं के सिर में चोटें आईं।
हादसे में पिकअप चालक जयपाल (30) निवासी लाखोड़ा चतुरपुरा, बानसूर के हाथ में चोट लगी। वहीं ईको कार चालक मनोज भी घायल हो गया। चारों घायलों को बहरोड़ के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
ईको कार चालक मनोज ने बताया कि हादसे से पहले दोनों महिलाओं ने पिकअप को रुकने का इशारा किया था। चालक ने पिकअप रोक भी दी थी। इसके बाद महिलाएं ईको कार में बैठने के लिए पहुंचीं। इसी दौरान पिकअप की ईको कार से टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद पिकअप पलट गई और उसका पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। ईको कार को भी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद कुछ देर तक हाईवे की सर्विस रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी ली। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार कराया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार सर्विस रोड पर वाहनों की आवाजाही के बीच इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ताकि खुद के साथ- साथ आमजन भी सुरक्षित रहे। इस संबंध में प्रशासन को भी लापरवाह चालकों से सख्ती से पेश आना चाहिए।