अलवर

भिवाड़ी में वारदात: कूरियर बॉय बनकर फ्लैट में घुसा बदमाश, 2 साल के बच्चे की गर्दन पर चाकू रख की बड़ी लूट

भिवाड़ी की एक हाईटेक सोसाइटी में हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 'आशियाना तरंग' सोसाइटी के एक फ्लैट में कूरियर बॉय बनकर घुसे बदमाश ने दो साल के मासूम बच्चे को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद उसने मां के सामने ही लाखों के जेवर और नकदी लूट ली।
2 min read
May 18, 2026
bhiwadi news
मौके से जानकारी जुटाती पुलिस (फोटो - पत्रिका)

यह खौफनाक घटना भिवाड़ी की आशियाना तरंग सोसाइटी के बी-ब्लॉक के फ्लैट नंबर 403 में हुई। फ्लैट में गेल इंडिया (GAIL) में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत शुभम सक्सेना अपनी पत्नी अपूर्व सक्सेना और दो साल के बेटे के साथ रहते हैं। रोजाना की तरह शुभम सुबह करीब 9 बजे अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। उनके जाने के कुछ ही देर बाद एक अज्ञात बदमाश उनके फ्लैट के बाहर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई।

कूरियर के धोखे में खोला दरवाजा और आ गई आफत

घर में अकेली मौजूद अपूर्व सक्सेना को लगा कि शायद कोई कूरियर देने आया है। उन्होंने बिना किसी शक के जैसे ही दरवाजा खोला, बदमाश जबरन घर के अंदर घुस गया। अंदर आते ही उसने सबसे पहले अपूर्व के दो साल के मासूम बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश ने बच्चे की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और महिला को शोर मचाने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। मासूम की जान खतरे में देख मां बुरी तरह सहम गई और चुपचाप खड़ी रही।

सामने खड़े कूरियर बॉय को भनक तक नहीं लगी

बच्चे को बंधक बनाकर बदमाश ने अलमारी की चाबी मांगी और उसमें रखे सोने के कड़े, 70 हजार रुपये कैश और एक मोबाइल फोन लूट लिया। इसी लूटपाट के बीच किस्मत से एक असली कूरियर बॉय भी वहां पार्सल देने पहुंचा। लेकिन शातिर बदमाश खुद दरवाजे पर आया, उससे पार्सल लिया और उसे रवाना कर दिया। बाहर खड़े कूरियर बॉय को भनक तक नहीं लगी कि अंदर एक मां-बच्चे की जान आफत में है और घर में लूट हो रही है।

पार्सल को भी घर में मौजूद बदमाश ने ही रिसीव किया  


हाईटेक सिक्योरिटी पर उठे बड़े सवाल

वारदात को अंजाम देकर बदमाश आसानी से फरार हो गया। शातिर बदमाश पूरी तैयारी के साथ आया था। वह सोसाइटी के अंदर हाथ में खुला हुआ छाता (अम्ब्रेला) लेकर घुसा था। उसने ऐसा इसलिए किया ताकि धूप का बहाना भी हो जाए, किसी को उस पर शक न हो और सीसीटीवी कैमरों में उसका चेहरा भी रिकॉर्ड न हो सके।

इस घटना ने सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी और सुरक्षित मानी जाने वाली सोसाइटी में कोई अनजान बदमाश बिना वेरिफिकेशन के यहां तक कैसे पहुंच गया? सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस घटना के बाद सोसायटी में दहशत का माहौल है।

Updated on:
18 May 2026 01:30 pm
Published on:
18 May 2026 12:34 pm