
Bihar Woman Suicide In Rajasthan: अलवर के एनईबी हाउसिंग बोर्ड में रविवार शाम करीब 7 बजे विवाहिता प्रियंका(38) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रियंका का पति राजेश किराने की दुकान पर काम करता है। उसकी सैलरी 13 हजार रुपए है। आर्थिक तंगी को लेकर प्रियंका और राजेश के बीच अक्सर विवाद होता था। प्रियंका अपने पति राजेश से कहती रहती थी कि इतनी कम सैलरी में घर का खर्च नहीं चलता। वह उसे उलाहना देते हुए गुटखा छोड़ने को कहती थी।
इस दंपती के 6 और 9 साल के दो बेटे हैं। राजेश रविवार शाम को दोनों बेटों को दूसरे मकान पर दादी के पास छोड़ने गया था। इस दौरान उसकी भाभी ने फोन कर बताया कि प्रियंका कमरे का गेट नहीं खोल रही है।
उसने घर पहुंचकर पड़ोसियों की मदद से गेट तोड़ कर देखा तो प्रियंका फंदे पर लटकी हुई मिली।
राजेश ने बताया कि वह और उसकी पत्नी मूलत: बिहार के निवासी हैं। उसके पिता वर्ष 1978 में परिवार सहित अलवर आए थे। तब से वे अलवर में ही रह रहे हैं। उसकी पत्नी भी बिहार के मूंगेर जिले से थी। यहां राजेश व उसके भाई का परिवार एक मकान में रह रहा है। जबकि उसके माता-पिता दूसरे मकान में रह रहे थे। अभी पिता हृदय संबंधी बीमारी के कारण हॉस्पिटल में एडमिट हैं। इस कारण मां घर पर अकेली रह रही थी।