Rajasthan BJP: खेरली-कठूमर क्षेत्र में भाजपा में अंतर्कलह खुलकर सामने आने लगी है। लगातार भाजपा की सदस्यता से जनप्रतिनिधि इस्तीफा दे रहे हैं।
अलवर। खेरली-कठूमर क्षेत्र में भाजपा में अंतर्कलह खुलकर सामने आने लगी है। संगम चौधरी को कठूमर पंचायत समिति प्रधान का कार्यभार न सौंपे जाने के बाद उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार भाजपा की सदस्यता से जनप्रतिनिधि इस्तीफा दे रहे हैं।
शनिवार को भी जिला परिषद के वार्ड 30 से पार्षद राजेश खटीक व पंचायत समिति सदस्य फूलन देवी ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दोनों ने अपने इस्तीफे भाजपा जिलाध्यक्ष भाजपा अशोक गुप्ता को भेजे हैं। अपने इस्तीफे में विधायक रमेश खींची पर कई आरोप लगाए हैं।
राजनीति के जानकारों का कहना है कि भाजपा में चल रही इस खींचतान के चलते पंचायत चुनाव में पार्टी को खामियाजा भुगतान पड़ सकता है। हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष कह रहे हैं कि इस मामले को बातचीत के जरिए सुलझा लिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, विधायक रमेश खींची ने सभी आरोप बेबुनियाद बताए हैं।
इससे पूर्व शुक्रवार को भी तीन पंचायत समिति सदस्यों ने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इनका कहना था कि पार्टी में महिलाओं का सम्मान नहीं हो रहा है। विधायक इस मामले में बाधा बने हुए हैं। इसी तरह शनिवार को पंचायत समिति सदस्य फूलन देवी ने जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता को भेजे इस्तीफे में कहा है कि उन्हें आज तक न भाजपा की स्थानीय बैठक में बुलाया गया और न ही इसकी सूचना दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कठूमर में भाजपा केवल एक व्यक्ति की पार्टी बनकर रह गई है। विधायक प्रधान को कार्यभार ग्रहण नहीं कराने दे रहे हैं।
इस मामले में बीडीओ कठूमर को प्रधान को कार्यभार कराने के आदेश जारी हुए थे, लेकिन उसकी पालना नहीं की गई। आदेश स्पष्ट नहीं बताए गए। बताया जा रहा है कि उच्चाधिकारी बीडीओ पर एक्शन ले सकते हैं। वहीं, प्रधान संगम चौधरी का कहना है कि वह संघर्ष करती रहेंगी। सोमवार को फिर धरना देंगी।
कठूमर के भाजपा नेता बाबूलाल मैनेजर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि प्रधान संगम चौधरी को प्रधान पद पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने दिया जा रहा है, जिससे परेशान होकर कई जनप्रतिनिधियों ने इस्तीफा दे दिया है। इस प्रकरण को जल्द से जल्द रोका जाए, नहीं तो िस्थति गंभीर होगी। पार्टी के हित में यही है कि व्यक्ति विशेष का ध्यान न रखकर पूरे कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा जाए। साथ ही प्रधान संगम चौधरी को कार्यभार भी दिलाया जाए।
इधर, कठूमर विधानसभा क्षेत्र के खेरली भाजपा मंडल अध्यक्ष शीलेंद्र चौहान, कठूमर मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश तुसारी, कालवाड़ी मंडल अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खोह मंडल अध्यक्ष विक्रम शर्मा एवं खुडि़याना मंडल अध्यक्ष सियाराम पटेल ने कठूमर पंचायत समिति की प्रधान संगम चौधरी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए इन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है। इस संबंध में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को पत्र लिखा है। इस संबंध में संगम चौधरी का कहना है कि मैं कभी पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त नहीं रही।