अलवर

Rajasthan: कलक्टर आर्तिका शुक्ला ने 5 विकास रथों को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव जाकर करेंगे जागरूक, ग्रामीण दे सकेंगे सुझाव

अलवर कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को मिनी सचिवालय परिसर से 5 विकास रथों को हरी झंडी दिखाई। ये रथ गांवों में जाकर सरकार की योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाएंगे। इस रथ में सुझाव पेटिका भी लगी है।

2 min read
Apr 28, 2026
Collector artika shukla
हरी झंडी दिखाते हुए कलक्टर आर्तिका शुक्ला (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

अलवर। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ का भव्य शुभारंभ किया गया। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मिनी सचिवालय परिसर से 5 विशेष रूप से तैयार किए गए ग्राम रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

यह ग्राम रथ अलवर ग्रामीण, कठूमर, रामगढ़, थानागाजी और राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित कार्यक्रम के तहत भ्रमण करेंगे। जिला कलक्टर ने बताया कि प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा और वहां कृषि, पशुपालन, जल संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को सरल भाषा में दी जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कला जत्था भी लोगों को करेगा जागरूक

रथों में आधुनिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के संदेश, जनसंवाद कार्यक्रम और योजनाओं से संबंधित वीडियो का प्रसारण किया जा रहा है। इसके अलावा, लोक कलाकारों के ‘कला जत्था’ द्वारा संध्या चौपालों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को मनोरंजन के साथ-साथ उपयोगी जानकारी भी मिल सके।

ग्रामीण दे सकेंगे प्रशासन को सुझाव

अभियान की एक महत्वपूर्ण विशेषता ‘सुझाव पेटिका’ है। इसके माध्यम से ग्रामीण अपने क्षेत्र की समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त सुझावों और शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और योजनाओं में आवश्यक सुधार भी किए जाएंगे।

ग्रामीणों में उत्साह

जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अभियान के दौरान लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, बिजली और अन्य समर कंटीजेंसी कार्यों पर विशेष ध्यान दें। अभियान के शुभारंभ से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग इसे अपने गांवों के विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल मान रहे हैं।

Updated on:
28 Apr 2026 11:01 pm
Published on:
28 Apr 2026 04:21 pm