अलवर

College Admission: डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की लास्ट डेट 19 जून तक बढ़ी, जानें पूरा शेड्यूल

College Admission : कॉलेजों में ग्रेजुएशन फर्स्ट सेमेस्टर में एडमिशन के लिए कॉलेज शिक्षा आयुक्तालय ने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन यानी दस्तावेजों के सत्यापन की आखिरी तारीख को बढ़ाकर अब 19 जून कर दिया है। इसके साथ ही कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई से शुरू होगा।

2 min read
Jun 14, 2026
College Admission
GD कॉलेज में दस्तावेज सत्यापन कराते विद्यार्थी (फोटो - पत्रिका)

College Admission : अगर आप भी इस साल कॉलेज में एडमिशन ले रहे हैं और किसी वजह से अब तक अपने दस्तावेजों की जांच नहीं करवा पाए थे, तो अब चिंता की कोई बात नहीं है। विभाग ने इसकी अंतिम तिथि, जो पहले 13 जून को खत्म हो गई थी, उसे अब बढ़ाकर 19 जून कर दिया गया है।

अब छात्र 19 जून तक अपने संबंधित कॉलेज में जाकर न सिर्फ डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवा सकते हैं, बल्कि ई-मित्र के जरिए अपनी एडमिशन फीस भी आसानी से जमा कर सकते हैं। तारीख बढ़ने से उन हजारों स्टूडेंट्स को सीधा फायदा होगा जो किसी वजह से अपने जरूरी कागज तैयार नहीं कर पाए थे।

तारीखों में बदलाव के बाद अब पहली मेरिट लिस्ट यानी प्रवेशित विद्यार्थियों की सूची 22 जून को जारी की जाएगी। इसके ठीक बाद 23 जून को छात्रों का सेक्शन निर्धारण और उन्हें विषय अलॉट करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने साफ कर दिया है कि नया शैक्षणिक सत्र और फर्स्ट सेमेस्टर की कक्षाएं 1 जुलाई से हर हाल में शुरू कर दी जाएंगी।

सीटों के मुकाबले वेरिफिकेशन बहुत कम

इस बार कॉलेजों में आवेदन तो खूब आए थे, लेकिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने वालों की संख्या काफी कम रही है। उदाहरण के तौर पर अलवर के आर्ट्स कॉलेज में 2300 सीटों के लिए 3391 फॉर्म भरे गए, लेकिन सिर्फ 1167 छात्रों ने ही कागज चेक करवाए।

वहीं जीडी कॉलेज में बीए के लिए 2421 आवेदन आए, जिनमें से महज 628 स्टूडेंट्स ही वेरिफिकेशन के लिए पहुंचे। कॉमर्स कॉलेज में भी बीकॉम की 1000 सीटों पर सिर्फ 458 आवेदन मिले और उनमें से भी 242 ने ही वेरिफिकेशन कराया। इसी सुस्ती को देखते हुए विभाग ने तारीख बढ़ाने का फैसला लिया है ताकि कोई पढ़ाई से वंचित न रहे।


खाली सीटों के लिए 15 जून से फिर मिलेगा मौका

जिन स्टूडेंट्स का नाम पहली लिस्ट में नहीं आ पाएगा, उन्हें निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। खाली रह जाने वाली सीटों पर एडमिशन का दूसरा दौर 15 जून से 21 जून तक चलेगा। इन फॉर्म्स का ऑनलाइन वेरिफिकेशन 22 जून तक होगा और खाली सीटों की वेटिंग लिस्ट 23 जून को आएगी। इसके बाद 29 जून तक फीस जमा होगी और 30 जून को फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। इसके बाद 1 जुलाई को वर्ग और विषय आवंटन के साथ ही नए सत्र की पढ़ाई शुरू हो जाएगी।

Published on:
14 Jun 2026 11:38 am