
Delhi-Jaipur Highway Accident: जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां आंतेला के नीलका में इन दिनों पुलिया निर्माण का काम चल रहा है, जिसकी वजह से हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट करके सर्विस रोड से निकाला जा रहा है। इसी सर्विस रोड पर सरियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर जयपुर से दिल्ली की तरफ जा रहा था, जो अचानक बेकाबू हो गया। ट्रेलर ने बुजुर्ग को कुचल दिया जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि रफ्तार तेज होने के कारण ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो जाता है। वह सर्विस लाइन के डिवाइडर को कूदता हुआ सीधे सड़क किनारे बनी एक होटल की पार्किंग में घुस जाता है।
इसी दौरान पार्किंग के डिवाइडर के पास आंतेला निवासी सुरजाराम यादव खड़े थे। काल बनकर अपनी तरफ आते भारी-भरकम ट्रेलर को देखकर सुरजाराम बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने खुद की जान बचाने के लिए होटल के अंदर की तरफ भागने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि सुरजाराम सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। इसके बाद भी ट्रेलर नहीं रुका और बुजुर्ग को करीब 100 फीट तक सड़क पर घसीटता हुआ आगे निकल गया। यह खौफनाक मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग चिल्लाते हुए तुरंत मौके की तरफ दौड़े और किसी तरह ट्रेलर को रुकवाया। हालांकि, भीड़ को अपनी तरफ आता देख आरोपी ड्राइवर चालाकी से ट्रेलर को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल सुरजाराम को तुरंत पावटा के उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पावटा थाने के एएसआई (ASI) भोला राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक सुरजाराम का परिवार खेती-बाड़ी से जुड़ा है। उनके दो बेटे हैं जिनमें बड़ा बेटा ओम प्रकाश खेती संभालता है, जबकि छोटा बेटा गौरी शंकर एक मेडिकल स्टोर पर काम करता है। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।