
representative picture (patrika)
अगर आपने भी सरकारी कॉलेज में एडमिशन के लिए फॉर्म भरा है, तो आपके लिए बड़ी खबर है। इस बार शिक्षा विभाग ने आवेदन की आखिरी तारीख को आगे नहीं बढ़ाया है। इसका मतलब है कि फॉर्म भरने का काम पूरा हो चुका है और अब छात्र-छात्राओं को बेसब्री से मेरिट लिस्ट का इंतजार है। शेड्यूल के मुताबिक कल यानी 9 जून को कॉलेजों की तरफ से अंतिम वरीयता सूची (फाइनल मेरिट लिस्ट) और वेटिंग लिस्ट जारी कर दी जाएगी।
जिन स्टूडेंट्स का नाम इस मेरिट सूची में आएगा, उन्हें 13 जून तक अपने ओरिजिनल डॉक्यूमेंट्स की जांच करानी होगी और ई-मित्र पर जाकर फीस जमा करनी होगी। इसके बाद 15 जून को कॉलेज पहली प्रवेश सूची जारी करेंगे। वहीं 16 जून को स्टूडेंट्स को उनके सेक्शन और सब्जेक्ट अलॉट कर दिए जाएंगे।
इस साल राजकीय कन्या महाविद्यालय (जीडी कॉलेज) में एडमिशन के लिए छात्राओं में जबरदस्त होड़ देखने को मिल रही है। कॉलेज में कुल 2040 सीटें हैं, लेकिन इनके मुकाबले 3849 फॉर्म जमा हुए हैं, यानी सीटों से लगभग दोगुने आवेदन आए हैं। सबसे तगड़ी फाइट बीए और बीएससी में है। जीडी कॉलेज में बीएससी बायो की 176 सीटों के लिए 733 और बीएससी मैथ्स की 264 सीटों के लिए 490 छात्राओं ने दावेदारी ठोकी है।
वहीं बीए की बात करें तो यहाँ रिकॉर्ड 2443 आवेदन आए हैं। इसके उलट कॉमर्स (बीकॉम) में इस बार छात्राओं की रुचि बहुत कम दिखी है। जीडी कॉलेज में बीकॉम की 500 सीटें हैं, लेकिन फॉर्म सिर्फ 183 ही आए हैं। ऐसे में यहाँ आधे से ज्यादा सीटें खाली रहने की पूरी संभावना है।
सिर्फ जीडी कॉलेज ही नहीं, बल्कि शहर के दूसरे बड़े कॉलेजों में भी आर्ट्स और साइंस संकाय ही स्टूडेंट्स की पहली पसंद बने हुए हैं। राजर्षि महाविद्यालय में बीएससी बायो के लिए 1217 और बीएससी मैथ्स के लिए 1232 आवेदन आए हैं। आर्ट्स (कला) कॉलेज में बीए कोर्स के लिए 3435 छात्र-छात्राओं ने फॉर्म भरा है।
दूसरी तरफ, कॉमर्स कॉलेज में पिछले साल के मुकाबले माहौल थोड़ा बेहतर है, लेकिन सीटों के हिसाब से आवेदन अब भी कम हैं। कॉमर्स कॉलेज में बीकॉम के लिए 458 और बीबीए के लिए 107 आवेदन मिले हैं। अब सारा दारोमदार कल जारी होने वाली लिस्ट पर है, जिससे कट-ऑफ का अंदाजा लगेगा और स्टूडेंट्स का कॉलेज जाने का सपना सच होगा।
Published on:
08 Jun 2026 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
