
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिरमौर पुलिया के पास एक पिकअप वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ पलट गई। हादसे में पिकअप सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 92/900 के पास सिरमौर पुलिया के नजदीक सुबह करीब 4 बजे हुआ। पिकअप में सवार लोग मेरठ से पौधे लेकर अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र में एक निजी फार्म हाउस पर जा रहे थे। इसी दौरान चालक ने आगे चल रहे एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
ओवरटेक के दौरान पिकअप का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित पिकअप डिवाइडर से टकराने के बाद एक्सप्रेस-वे की दूसरी साइड पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन में सवार सभी लोग बुरी तरह घायल हो गए। वाहन चालक उजैर पुत्र बाबर निवासी मवाना और उसके पास केबिन में बैठे औरंगजेब पुत्र शाहनवाज निवासी मवाना घायल हो गए।
वहीं, पिकअप के पीछे बैठे तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शाहदाव (45) पुत्र शरीफ उल्ला खां निवासी शाहजहांपुर मिठोर, जिला मेरठ, शबाहत (25) पुत्र कल्लू निवासी मवाना, जिला मेरठ और अफसर (22) पुत्र रिजवान निवासी मवाना, जिला मेरठ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिकअप के पीछे बैठे तीनों लोग सो रहे थे।
चालक उजैर ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे सिरमौर पुलिया के पास एक ट्रक को ओवरटेक करते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पिकअप डिवाइडर से टकराई और पलट गई। चालक के अनुसार केबिन में बैठे दो लोग घायल हुए, जबकि पीछे बैठे तीन लोगों की जान चली गई। परिजनों के अनुसार सभी लोग मेरठ स्थित हिना नर्सरी से पेड़ लेकर राजगढ़ क्षेत्र में एक निजी फार्म हाउस में पौधारोपण के लिए जा रहे थे। रास्ते में अलवर के गोविंदगढ़ क्षेत्र में यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मृतकों के शवों को गोविंदगढ़ मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लाइन सिस्टम लागू होने के बावजूद सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। तेज गति और ओवरटेकिंग जैसे कारणों से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।