Delhi-Mumbai Expressway: अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक की साइड टक्कर से एक कार पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायल मोदीनगर (गाजियाबाद) के निवासी हैं और बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
Car Overturns on Delhi-Mumbai Expressway: अलवर जिले के बड़ौदामेव क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इंदपुर और मालपुर के बीच चैनल नंबर-89 000 पर रविवार शाम करीब छह बजे सड़क हादसा हो गया। ट्रक की टक्कर से एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार पांच लोग गंभीर घायल हो गए।
बताया गया है कि सभी घायल बालाजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही कार को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में रमेश (47) पुत्र बुलचंद, गगन सिंघल (40) पुत्र अनिल, परवीन गोयल (48) पुत्र सत्यप्रकाश, मुकेश गोयल (42) पुत्र बलराज गोयल और अंकित राणा (35) पुत्र शहनसेपाल निवासी मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी बड़ौदामेव लाया गया। वहां ड्यूटी इंचार्ज डॉ. धीरेंद्र खंडेलवाल ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें निजी वाहन से आगे के उपचार के लिए मोदीनगर (गाजियाबाद) ले गए।
हादसे के बाद एक साथ पांच घायलों के अस्पताल पहुंचने से उपचार व्यवस्था प्रभावित हुई। उस समय अस्पताल में केवल एक ही नर्सिंग स्टॉफ मौजूद था, जिसके कारण सभी घायलों का उपचार करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।