Rajasthan IAS Death: खैरथल-तिजारा जिले के पूर्व कलक्टर किशोर कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शनिवार को जयपुर में उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी।
अलवर। खैरथल-तिजारा जिले के पूर्व कलक्टर और वर्तमान में राजस्व मंडल अजमेर के सदस्य किशोर कुमार का शुक्रवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे और जयपुर में उनका उपचार चल रहा था। करीब 57 वर्षीय किशोर कुमार के निधन की खबर से प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार किशोर कुमार ने 4 सितंबर 2024 को खैरथल-तिजारा जिले के कलक्टर के रूप में कार्यभार संभाला था। यहां कार्यकाल के दौरान उनके पैरों में तेज दर्द रहने लगा और घुटने की समस्या भी बढ़ती चली गई। स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए उन्होंने सरकार से तबादले का अनुरोध किया, जिसके बाद 25 नवंबर 2025 को उनका स्थानांतरण उनके गृह शहर अजमेर कर दिया गया। अजमेर में उन्हें राजस्व मंडल में सदस्य के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया था।
अजमेर में रहते हुए उन्होंने घुटने का रिप्लेसमेंट ऑपरेशन करवाया, लेकिन बाद में उन्हें गंभीर संक्रमण हो गया। यह संक्रमण धीरे-धीरे शरीर के अन्य अंगों को भी प्रभावित करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें जयपुर में भर्ती कराया गया, जहां पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
किशोर कुमार मूल रूप से आरएएस अधिकारी थे और वर्ष 2014 में पदोन्नत होकर आईएएस बने थे। उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से बीएससी, एमएससी और एमफिल की पढ़ाई की थी। प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। अपने शुरुआती कार्यकाल में वे सिरोही में एसडीएम, आईसीडीएस में रीजनल डायरेक्टर और वर्ष 2003 में टीएडी माउंट आबू में डिप्टी डायरेक्टर जैसे पदों पर कार्य कर चुके थे।
खैरथल-तिजारा में अपने कार्यकाल के दौरान किशोर कुमार ने कई जनहितकारी पहल की। निराश्रित गोवंश के लिए ‘आश्रय अभियान’ चलाकर सैकड़ों गोवंश को आश्रय दिलाने का काम किया, जिससे सड़कों पर घूमने वाले पशुओं की संख्या कम हुई। इसके अलावा उन्होंने बीपी, शुगर और कैंसर जैसी बीमारियों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिला। भिवाड़ी क्षेत्र में हरियाणा से आ रहे दूषित पानी की समस्या को लेकर भी उन्होंने लगातार प्रयास किए और इस मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाया।
किशोर कुमार के निधन की जानकारी उनकी पत्नी ने उनके व्हाट्सऐप अकाउंट पर संदेश लिखकर दी। संदेश में बताया गया कि उनकी अंतिम यात्रा 4 अप्रेल को सुबह साढ़े दस बजे जयपुर के हल्दीघाटी मार्ग स्थित प्रताप नगर से मोक्षधाम के लिए रवाना होगी।