
गोपाष्टमी के पर्व पर अलवर शहर में जगह-जगह गौमाता की पूजा कर सेवा का संदेश दिया गया। भवानी तोप स्थित गौशाला में महिलाओं ने गाय और बछड़े को साड़ी पहनाकर तिलक लगाया और आरती की। इस दौरान गौमाता को हरा चारा, गुड़, दलिया और दवाइयां भी खिलाई गई।
गोपाष्टमी के मौके पर मंगलवार को भवानी तोप स्थित गौशाला में परिवार की महिलाओं ने सामूहिक रूप से गौमाता और उनके बछड़े का पूजन किया। महिलाओं ने दोनों को साड़ी पहनाई, तिलक लगाया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद गौमाता की आरती कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर परिवार के लोग गौशाला में खाली हाथ नहीं पहुंचे। वे अपने साथ गौमाता के लिए दवाइयां, दलिया, हरा चारा, गुड़ और अन्य जरूरी सामग्री लेकर आए। महिलाओं और परिवार के सदस्यों ने अपने हाथों से गायों को चारा और गुड़ खिलाया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ गौसेवा का भाव भी नजर आया।
परिवार की ओर से पिछले महीने भी गौशाला में लंपी बीमारी से पीड़ित गायों के उपचार के लिए सहयोग किया गया था। उस समय आयुर्वेदिक औषधियों के लड्डू तैयार करवाकर गौशाला भिजवाए गए थे। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए परिवार के सदस्य गोपाष्टमी पर खुद गौशाला पहुंचे और गायों की सेवा की।
कार्यक्रम का एक खास पहलू यह भी रहा कि इसी दिन परिवार के घनश्याम भाई साहब और दीपा भाभी की वैवाहिक वर्षगांठ भी गौमाता के सानिध्य में मनाई गई। परिवार के सदस्यों ने दोनों को वैवाहिक वर्षगांठ की शुभकामनाएं दीं।
गोपाष्टमी पर अलवर शहर की दूसरी गोशालाओं में भी पूजा-अर्चना के आयोजन हुए। रेलवे स्टेशन स्थित सार्वजनिक गोशाला, ईटाराणा फाटक के पास मोनी बाबा गोशाला, बुध विहार की नंदी गोशाला, अट्टा मंदिर स्थित गोशाला और इंदिरा कॉलोनी की हरे कृष्ण गोशाला सहित अन्य स्थानों पर महिलाओं ने गौमाता की पूजा की। इस दौरान गायों को गुड़, हरा चारा और फल खिलाकर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोपाष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण ने पहली बार गायों को चराने का दायित्व संभाला था। इसी वजह से इस दिन गौमाता और बछड़े की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। परिवार के सदस्यों का कहना था कि गौसेवा केवल आर्थिक मदद तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि खुद गौशाला पहुंचकर सेवा करनी चाहिए। साथ ही नई पीढ़ी को भी जीवदया और सेवा के संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।