अलवर

इन्फ्लुएंसर मीनू राज और उनके परिवार पर जानलेवा हमला: मीनू राज ने वीडियो जारी कर बताई आपबीती

Attack on Meenu RaJ Update: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत और उनके परिवार पर हमले का मामला चर्चा में है। हमले के बाद सोमवार को मीनू राज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी घटना बताई।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 12:09 PM IST
Meenu Raj Prajapat
Meenu Raj Prajapat (Photo-Meenu Raj Prajapat/FB)

कोटकासिम (खैरथल-तिजारा)। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत और उनके परिवार पर हमले का मामला चर्चा में है। जिले के कोटकासिम क्षेत्र के बीबीरानी गांव के सैनवास में शनिवार शाम हुई इस घटना में मीनू राज, उनके पति कुलदीप उर्फ केडी समेत परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने हथियारों से लैस होकर घर पर धावा बोला और परिवार के सदस्यों से मारपीट की। हमले में मीनू राज और उनके पति केडी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वीडियो में बताई आपबीती

हमले के बाद सोमवार को मीनू राज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरी घटना बताई। उन्होंने कहा कि उन्हें 7-8 टांके लगे हैं, जबकि केडी के सिर में करीब 20 और उनके पिता के 7-8 टांके आए हैं। उनके अनुसार हमलावर 20-25 लोग थे, जबकि परिवार में सिर्फ चार सदस्य ही हैं।

मीनू राज का आरोप है कि शनिवार को शाम करीब 6 से 6:30 बजे हुए हमले के समय गांव के कई लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि गांव वाले पहले कहते थे कि कोई परेशानी हो तो बताओ, लेकिन घटना के बाद गांव से कोई उनका हाल जानने नहीं आया। पड़ोसी करवड़ गांव के लोग जरूर पहुंचे और ढांढस बंधाया।

'चेहरे से पहचान लूंगी, छोडूंगी नहीं'

मीनू राज ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत दी है। मैं नाम नहीं जानती लेकिन मैं चेहरे से बता दूंगी कौन-कौन… कौन-कौन थे। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों तक जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि केडी की हालत गंभीर है। वीडियो में उन्होंने मारपीट में शामिल बताए गए लोगों के नाम गिनाए।

तीनों प्लेटफॉर्म पर 1 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स

मीनू राज प्रजापत सोशल मीडिया की चर्चित इन्फ्लुएंसर हैं। वह मनोरंजन से जुड़े वीडियो और अन्य कंटेंट बनाती हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इंस्टाग्राम पर उनके करीब 23 लाख, फेसबुक पर 58 लाख और यूट्यूब पर 26 लाख फॉलोअर्स व सब्सक्राइबर्स हैं। इस तरह तीनों प्लेटफॉर्म पर उनकी कुल पहुंच 1 करोड़ 7 लाख से अधिक है।

Published on: