
Rajasthan ACB: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने खैरथल-तिजारा में बड़ी कार्रवाई की। खैरथल तिजारा में पंचायत समिति मुण्डावर के विकास अधिकारी एवं कनिष्ठ सहायक 65 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भिवाड़ी द्वारा आज कार्यवाही करते हुए संजय कुमार यादव, विकास अधिकारी व रितिक कुमार सिंह, कनिष्ठ सहायक, कार्यालय पंचायत समिति मुण्डावर, जिला खैरथल-तिजारा को 65,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भिवाड़ी को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसकी फर्म मैसर्स अमनदीप को पंचायत समिति मुण्डावर से ग्राम पंचायत मातौर एवं ग्राम पंचायत नगंली ओजा में सफाई के ठेके, पूर्व में जारी किए गए थे।
उक्त ठेकों तथा फर्म द्वारा किए गए पाइपलाइन कार्य के बिलों की माप पुस्तिका (एमबी) भरवाने की एवज में विकास अधिकारी संजय कुमार यादव द्वारा 65,000 रुपए रिश्वत की मांग कर परिवादी को परेशान किया जा रहा है। उक्त शिकायत पर 23 अक्टूबर को एसीबी द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी संजय कुमार यादव, विकास अधिकारी द्वारा पूर्व में जारी किए गए ठेकों एवं माप पुस्तिका (एमबी) भरवाने की एवज में परिवादी से 65,000 रुपए रिश्वत राशि प्राप्त करने के लिए सहमत होना पाया गया। इसके बाद एसीबी ने अपना जाल बिछाया।
पीयूष दीक्षित, पुलिस अधीक्षक पुलिस-प्रथम, एसीबी जयपुर के सुपरविजन में एसीबी चौकी भिवाड़ी के प्रभारी व ट्रैप कार्रवाई अधिकारी सुरजीत सिंह, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप कार्यवाही की गई। इस दौरान आरोपी संजय कुमार यादव, विकास अधिकारी व रितिक कुमार सिंह, कनिष्ठ सहायक, कार्यालय पंचायत समिति मुण्डावर, जिला खैरथल-तिजारा को 65,000 रुपए की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपीगण से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है। एसीबी द्वारा आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
किसी व्यक्ति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिले, तो प्रकरण की वस्तुस्थिति एवं उपलब्ध तथ्यों की जानकारी के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार औपचारिक रूप से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दोष सिद्ध होने से पूर्व, तथ्यों एवं प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाती है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के टोल फ्री नम्बर 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाईन नम्बर 94135-02834 पर 24X7 सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी सहायता करेगी।