
भिवाड़ी। राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। खैरथल-तिजारा जिले की कोटकासिम पंचायत समिति में चुनाव जीतने के बाद तीन नवनिर्वाचित सदस्य अचानक लापता हो गए हैं। इनमें कांग्रेस के दो और एक निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। तीनों के परिजनों ने कोटकासिम थाने में अलग-अलग गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
परिजनों ने सदस्यों के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से उनकी तलाश कर सकुशल दस्तयाबी की मांग की है। एक साथ तीन निर्वाचित सदस्यों के लापता होने से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान का चुनाव होना है।
पुलिस के अनुसार, लापता होने वालों में वार्ड संख्या एक से कांग्रेस की नवनिर्वाचित सदस्य सविता पत्नी युद्धवीर जाट निवासी जकोपुर शामिल हैं। वहीं, वार्ड संख्या 14 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज करने वाले जितेंद्र कुमार निवासी जौड़िया भी लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा वार्ड संख्या छह से कांग्रेस की नवनिर्वाचित सदस्य रचना पत्नी सरजीत सिंह निवासी नांगल सालिया के भी लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
तीनों सदस्यों के परिजनों ने पुलिस को अलग-अलग रिपोर्ट देकर उनके अचानक लापता होने की जानकारी दी है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उन्हें कहीं ले जाया गया है। उन्होंने पुलिस से जल्द तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।
कोटकासिम पंचायत समिति के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद तीन सदस्यों के लापता होने का मामला सामने आया है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव से ठीक पहले इस घटनाक्रम ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के लिए प्रत्येक निर्वाचित सदस्य का महत्व है। ऐसे में तीन सदस्यों के अचानक लापता होने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, तीनों सदस्यों के लापता होने के पीछे क्या वजह है और क्या वास्तव में उनका अपहरण हुआ है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायतों के आधार पर गुमशुदगी के अलग-अलग मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।