
अगर आपको आसमान में चमकते तारों, ग्रहों और अंतरिक्ष की दुनिया को जानने का शौक है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। मत्स्य उत्सव-2026 के तहत 25 नवंबर को अलवर की ऐतिहासिक मोती डूंगरी पर अंतरिक्ष दर्शन यानी एस्ट्रोटूरिज्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन और स्पेस इंडिया के संयुक्त सहयोग से होने वाला यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। इसमें प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। खास बात यह है कि यहां सिर्फ दूरबीन से ग्रहों को देखने का मौका ही नहीं मिलेगा, बल्कि आधुनिक तकनीक के जरिए अंतरिक्ष की दुनिया को महसूस भी कर सकेंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम में विज्ञान और तकनीक से जुड़ी कई गतिविधियां रखी गई हैं। दिन के समय विशेष सोलर फिल्टर लगी दूरबीनों से लोग सूर्य को सुरक्षित तरीके से देख सकेंगे। वहीं, शाम होने के बाद शक्तिशाली टेलीस्कोप के जरिए चंद्रमा, शनि और बृहस्पति सहित दूसरे आकाशीय पिंडों को देखने का मौका मिलेगा। इससे बच्चों और युवाओं को किताबों में पढ़ी अंतरिक्ष की दुनिया को अपनी आंखों से समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में एक वातानुकूलित डिजिटल मोबाइल प्लैनेटेरियम भी लगाया जाएगा। इसमें गुंबदाकार थिएटर के अंदर हिंदी और अंग्रेजी में अंतरिक्ष से जुड़े रोचक शो दिखाए जाएंगे। इसके अलावा वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के जरिए लोग स्पेस-वॉक और चंद्रमा की सतह पर चलने जैसा अनुभव कर सकेंगे।
यहां ग्रेविटी कियोस्क भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके माध्यम से लोग जान सकेंगे कि पृथ्वी के अलावा चंद्रमा, मंगल और बृहस्पति जैसे ग्रहों पर उनका वजन कितना होगा। बच्चों के लिए छोटे रॉकेट बनाने और उन्हें लॉन्च करने का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा। इससे उन्हें रॉकेट कैसे काम करता है और अंतरिक्ष में कैसे पहुंचता है, इसकी जानकारी मिलेगी।
पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संजय कुमार ने बताया कि इस बार मत्स्य उत्सव में परंपरा और आधुनिक मनोरंजन दोनों का मेल देखने को मिलेगा। चार दिवसीय उत्सव में महाआरती, हेरिटेज वॉक और दीपमाला जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, युवाओं और पर्यटकों के लिए मुंबई से आई विशेष टीम पोल मलखंभ का प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही अखिल की म्यूजिकल नाइट भी होगी।
इस बार उत्सव में पेट शो की भी वापसी हो रही है। वर्ष 2022 के बाद इसे फिर से शामिल किया गया है। ऐसे में शहरवासियों को इस बार उत्सव में कुछ नया देखने को मिलेगा। अंतरिक्ष दर्शन कार्यक्रम खास तौर पर बच्चों और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।