अलवर

Alwar News: अलवर पहुंचे मुनि सौम्य सागर महाराज, भव्य मंगल प्रवेश से भक्तिमय हुआ शहर

रविवार को अलवर शहर में दिगंबर जैन मुनि सौम्य सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश हो चुका है। उनके चातुर्मास के उपलक्ष्य में शहर में भारी उत्साह और श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
2 min read
Jul 19, 2026
muni saumya sagar
जैन मुनि का मंगल प्रवेश (फोटो - पत्रिका)

आज रविवार की सुबह अलवर वासियों के लिए बेहद खास रही। सुबह कर्मचारी कॉलोनी से मुनिश्री की भव्य शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रंग-बिरंगे पारंपरिक कपड़ों में नाचते-गाते नजर आए। बैंड-बाजों की मधुर धुनों और मंगल गीतों के साथ यह यात्रा शहर के मुख्य रास्तों से होती हुई स्कीम नंबर-10 स्थित जैन भवन पहुंची, जहां मुनिश्री का भव्य स्वागत किया गया।

मुनिश्री के मंगल प्रवेश के बाद सुबह 9 बजे से मुख्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए, जिसमें मंगलाचरण, आचार्य पूजन, चित्र अनावरण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। श्रद्धालुओं ने मुनिश्री के पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। इसके बाद वहां मौजूद हजारों भक्तों को मुनिश्री के अमृत वचनों और दिव्य प्रवचन सुनने का सौभाग्य मिला।

इस मौके पर मुनिश्री ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु का उपकार जीवन में कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने आचार्य विद्यासागर महाराज के जीवन से जुड़े कई प्रेरक प्रसंग सुनाए और बताया कि कैसे उनका पूरा जीवन समाज कल्याण के लिए समर्पित था।


शाम को होगी विशेष आरती और जिज्ञासा समाधान

रविवार को आयोजित होने वाला भक्ति कार्यक्रम सुबह तक सीमित नहीं रहेगा। शाम 6:15 बजे से विशेष 'लॉजिकल जिज्ञासा समाधान' सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की धार्मिक शंकाओं का तर्कपूर्ण समाधान किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:15 बजे जैन मित्र मंडल एवं श्री दिगम्बर जैन अग्रवाल महिला मंडल के सहयोग से महाआरती और भव्य भक्ति संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम में भजन, आरती और आध्यात्मिक वातावरण के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।दिगम्बर जैन अग्रवाल पंचायती मंदिर के मंत्री कैलाश चंद जैन ने बताया कि आज का यह दिन बेहद ख़ास है। जैन भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम में लोगों ने महाराज का आशीर्वाद लेकर जीवन को सफल बनाया।

आचार्य विद्यासागर महाराज का दीक्षा दिवस

इससे ठीक एक दिन पहले, यानी शनिवार को शालीमार आवासीय सोसायटी (अपना घर) स्थित श्री दिगम्बर जैन वासुपूज्य भगवान मंदिर में एक और बड़ा आयोजन हुआ था। वहां मुनि सौम्य सागर महाराज के सानिध्य में समाधिस्थ परम पूज्य दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागर महाराज का दीक्षा दिवस बेहद श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

Updated on:
19 Jul 2026 11:53 am
Published on:
19 Jul 2026 11:53 am