अलवर

नारायणी धाम में प्रवेश बंद: 23 सितंबर की आधी रात तक पाबंदी, पुलिस तैनात

अलवर के टहला थाना क्षेत्र स्थित नारायणी धाम में बुधवार 23 सितंबर की आधी रात तक प्रवेश बंद रहेगा। नारायणी सती मेले के संभावित आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने धाम के 200 मीटर क्षेत्र में प्रतिबंध लगाए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और लगातार निगरानी कर रही हैं।
2 min read
Sep 22, 2026
narayani dham
नारायणी धाम में प्रवेश बंद (फोटो - पत्रिका)

टहला थाना क्षेत्र की बलदेवगढ़ ग्राम पंचायत में स्थित नारायणी धाम में बुधवार 23 सितंबर की अर्द्धरात्रि तक प्रवेश बंद रहेगा। नारायणी सती मेले के संभावित आयोजन को देखते हुए प्रशासन की ओर से यह प्रतिबंध लगाए गए हैं। सोमवार अर्द्धरात्रि से लागू हुए प्रतिबंधों के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम धाम परिसर में लगातार निगरानी कर रही है।

टहला थाना प्रभारी मय जाप्ते के नारायणी धाम परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। अलग-अलग पॉइंट पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

धाम के मुख्य प्रवेश द्वार पर बल्ली लगाकर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। यहां पहुंचने वाले लोगों को प्रवेश पर रोक की जानकारी दी जा रही है और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की गई है।

200 मीटर क्षेत्र में कई गतिविधियों पर रोक

नारायणी सती मेले के संभावित आयोजन को लेकर उप जिला मजिस्ट्रेट राजगढ़ सीमा मीना ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। सती निवारण अधिनियम के तहत सती प्रथा के किसी भी तरह के गौरवगान और प्रचार-प्रसार को रोकने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नारायणी माता धाम की 200 मीटर परिधि में प्रतिबंध लगाए गए हैं।

आदेश के तहत क्षेत्र में सार्वजनिक सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जुलूस निकालने पर रोक है। इसके अलावा तेज और धारदार हथियार, बंदूक, रिवॉल्वर, पिस्टल, मादक पदार्थ, ज्वलनशील और रासायनिक पदार्थ रखने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

इसी तरह लाठी रखना या उसे लहराना, ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग करना और सती महिमा का किसी भी माध्यम से प्रचार-प्रसार या गुणगान करना भी प्रतिबंधित है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस-प्रशासन की टीम तैनात

नारायणी धाम में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात है। मौके पर सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह डोई, कानूनगो मुरारी लाल शर्मा, कांस्टेबल राजू यादव, ग्राम विकास अधिकारी राजेंद्र शर्मा सहित महिला और पुरुष कांस्टेबल मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से बुधवार अर्द्धरात्रि तक प्रतिबंध प्रभावी रहने की जानकारी दी गई है। इस दौरान धाम के आसपास पुलिस की निगरानी जारी रहेगी।

Updated on:
22 Sept 2026 02:08 pm
Published on:
22 Sept 2026 02:08 pm