अलवर

Neemrana: नीमराणा में फ्लाईओवर से नीचे गिरा ट्रेलर, चालक ने कूदकर बचाई जान

नीमराणा में बुधवार सुबह कोलीला फ्लाईओवर से एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस लाइन पर जा गिरा। हादसे में ट्रोले का केबिन अलग होकर सड़क पर गिर गया। चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।
2 min read
Aug 19, 2026
neemrana flyover trailer accident
फ्लाईओवर से नीचे गिरा ट्रेलर का केबिन (फोटो - पत्रिका)

नीमराणा में बुधवार सुबह कोलीला फ्लाईओवर पर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस लाइन पर जा गिरा। हादसा इतना जोरदार था कि ट्रोले का केबिन अलग होकर नीचे सड़क पर आ गिरा। हादसे के दौरान चालक ने समय रहते केबिन से कूदकर अपनी जान बचा ली। उसे मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि जिस समय ट्रेलर नीचे गिरा, उस दौरान सर्विस लाइन पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

केबिन अलग होकर नीचे सड़क पर गिरा

जानकारी के अनुसार ट्रेलर फ्लाईओवर से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण हट गया। ट्रेलर फ्लाईओवर की रेलिंग से जा टकराया और रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे सर्विस लाइन पर जा गिरा। ट्रोले का केबिन अलग होकर नीचे सड़क पर गिरा, जबकि हादसे के बाद वाहन का बाकी हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में घायल चालक को नीमराणा कस्बे के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। बताया गया कि चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

बड़ी जनहानि टली

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रोले को हटवाने की कार्रवाई शुरू कराई। फ्लाईओवर से ट्रेलर नीचे गिरने के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की आवाजाही धीमी होने से जाम जैसी स्थिति भी बन गई। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालकर यातायात को सुचारू कराया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद सर्विस लाइन पर पहुंचा। यदि हादसे के समय नीचे से कोई वाहन गुजर रहा होता या राहगीर मौजूद होते तो दुर्घटना ज्यादा गंभीर हो सकती थी। हालांकि, समय और संयोग से नीचे कोई नहीं होने के कारण बड़ी जनहानि टल गई।

फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन से नियंत्रण हटना हादसे की वजह माना जा रहा है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रोले को हटाने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो गया।

Updated on:
19 Aug 2026 11:38 am
Published on:
19 Aug 2026 11:38 am