29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Alwar / Politics News: जिस पंचायत समिति में 30 साल की नौकरी, उसी के प्रधान बने ताराचंद गुर्जर; महज 4 सीटों के बाद भी जीता चुनाव

Politics News: जिस पंचायत समिति में 30 साल की नौकरी, उसी के प्रधान बने ताराचंद गुर्जर; महज 4 सीटों के बाद भी जीता चुनाव

खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा पंचायत समिति में एक दिलचस्प संयोग देखने को मिला है। यहां करीब 30 साल तक ग्राम विकास अधिकारी के पद पर नौकरी करने वाले ताराचंद गुर्जर अब इसी पंचायत समिति के प्रधान बन गए हैं। करीब 40 साल के सरकारी सेवाकाल का उनका अनुभव अब नई जिम्मेदारी में काम आएगा।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 29 Nov 2026, 2:26 PM IST

tijara panchayat samiti pradhan

ताराचंद गुर्जर जीत का सर्टिफिकेट लेते हुए (फोटो - पत्रिका)

Politics News: पंचायत समिति तिजारा के नवनिर्वाचित प्रधान ताराचंद गुर्जर की कहानी दूसरे जनप्रतिनिधियों से कुछ अलग है। राजनीति में कब क्या हो जाए, कहा नहीं जा सकता। उन्होंने जिस पंचायत समिति में करीब 30 साल तक ग्राम विकास अधिकारी के रूप में काम किया, अब उसी पंचायत समिति की कमान उनके हाथों में है। कर्मचारी से जनप्रतिनिधि तक का उनका सफर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब वे इसी पंचायत समिति में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।

ताराचंद गुर्जर ने अपने करीब 40 साल के राजकीय सेवाकाल में पंचायतीराज विभाग के अलग-अलग पदों पर काम किया। उन्होंने लगभग 30 वर्ष तक पंचायत समिति तिजारा में ग्राम विकास अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वे खैरथल-तिजारा जिले की पंचायत समिति कोटकासिम में करीब तीन साल तक कार्यवाहक विकास अधिकारी के पद पर रहे। पदोन्नति के बाद वर्ष 2014 से 2017 तक जिला परिषद अलवर में सहायक विकास अधिकारी के रूप में कार्य किया। वर्ष 2017 में वे जिला परिषद अलवर से सेवानिवृत्त हुए।

पंचायतीराज व्यवस्था की अच्छी जानकारी

ताराचंद गुर्जर स्नातक हैं। लंबे समय तक पंचायतीराज विभाग में काम करने के कारण उन्हें पंचायतों की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं और विभागीय नियमों की अच्छी जानकारी है। वे कई वर्षों तक ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी संगठन में जिला और प्रदेश स्तर पर नेतृत्व किया। कर्मचारी वर्ग में भी उनकी पहचान रही है।

अब प्रधान बनने के बाद उनके सामने उसी व्यवस्था में जनप्रतिनिधि के रूप में काम करने की जिम्मेदारी है, जिसमें उन्होंने लंबे समय तक सरकारी कर्मचारी के तौर पर सेवाएं दी हैं। ऐसे में उनका विभागीय अनुभव पंचायत समिति के कामकाज में उपयोगी साबित हो सकता है।

भाजपा को 21 में से मिलीं सिर्फ 4 सीटें

तिजारा पंचायत समिति के चुनाव में राजनीतिक समीकरण भी काफी दिलचस्प रहे। यहां कुल 21 सीटों में से भाजपा को केवल 4 सीटों पर जीत मिली थी। इसके बावजूद ताराचंद गुर्जर प्रधान पद का चुनाव जीतने में सफल रहे। उन्हें कुल 11 वोट मिले और वे प्रधान निर्वाचित हुए। कम सीटें होने के बावजूद 11 वोट हासिल कर प्रधान बनना चुनाव के अहम राजनीतिक समीकरणों में शामिल रहा। कम संख्या बल के बाद भी मिली इस जीत की पूरे जिले में चर्चा हो रही है।