29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Alwar / Alwar News: अलवर में CJP नेता दीपक बाल्यान का बयान, बोले- नेता कपड़ों की तरह बदलते हैं पार्टी, सोशल मीडिया की आवाज दबाना बेवकूफी

Alwar News: अलवर में CJP नेता दीपक बाल्यान का बयान, बोले- नेता कपड़ों की तरह बदलते हैं पार्टी, सोशल मीडिया की आवाज दबाना बेवकूफी

अलवर में सीजेपी नेता दीपक बाल्यान ने सोशल मीडिया की आजादी, युवाओं की भागीदारी और परिसीमन के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को सोशल मीडिया की आवाज दबाने के बजाय युवाओं की समस्याएं हल करनी चाहिए। बाल्यान ने प्रदेश स्तर पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 29 Nov 2026, 2:51 PM IST

cjp leader deepak balyan

CJP नेता दीपक बाल्यान मिडिया से बातचीत करते हुए (फोटो - पत्रिका)

सीजेपी नेता दीपक बाल्यान रविवार, 29 नवंबर को अलवर में मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीति, युवाओं की समस्याओं, परिसीमन और सोशल मीडिया की आजादी को लेकर अपनी बात रखी। बाल्यान ने कहा कि सरकारें सोशल मीडिया की आवाज बंद करना चाहती हैं, लेकिन ऐसा करना सरकार की बेवकूफी है। सरकार को युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनके वास्तविक मुद्दों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर आगे प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बाल्यान ने स्पष्ट किया कि सीजेपी ने परिसीमन का विरोध नहीं किया है। इस मुद्दे पर पार्टी के नेताओं ने दिल्ली में भी अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि सीजेपी का मुख्य उद्देश्य राजनीति में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है। उनके अनुसार, युवा तभी व्यवस्था के खिलाफ सवाल उठाता है, जब वह समस्याओं से परेशान हो जाता है।

भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए बाल्यान ने कहा कि राजस्थान में पांच साल भाजपा और पांच साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन सत्ता में आने के बाद नेता जनता के मुद्दे भूल जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता कपड़ों की तरह पार्टियां बदलते हैं। बाल्यान ने दावा किया कि पंचायतीराज चुनावों में जनता ने सरकार को आईना दिखाया है। उन्होंने जंतर-मंतर के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि आने वाले समय में प्रदेश की जनता भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगी। उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक नहीं पहुंचने का आरोप भी लगाया।

'क्या बोलती राजस्थान की जनता' अभियान में उठे मुद्दे

बाल्यान ने बताया कि पार्टी 'क्या बोलती राजस्थान की जनता' अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों से बातचीत कर रही है। इस दौरान युवाओं, किसानों और आम लोगों की कई समस्याएं सामने आई हैं।

उन्होंने कहा कि पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी युवाओं की बड़ी परेशानी है। छात्र हॉस्टलों में रहकर दिन-रात पढ़ाई करते हैं, लेकिन समय पर भर्तियां नहीं निकलतीं और परीक्षाओं में पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सर्दी में भी किसान रातभर जागकर फसलों को निराश्रित पशुओं से बचाने को मजबूर हैं। सरकार गाय के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन चारे और पशुओं के आश्रय की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने जर्जर स्कूल भवनों और महिला सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। बाल्यान के अनुसार, सीजेपी की ओर से स्कूलों की खराब हालत का मुद्दा उठाने के बाद सरकार ने बजट जारी किया था।

कॉलेजों में पढ़ाई और भ्रष्टाचार पर सवाल

सीजेपी के स्टेट कोऑर्डिनेटर विष्णु चावड़ा ने कहा कि प्रदेश के कॉलेजों में पढ़ाई का माहौल नहीं बचा है। युवा खुद को दबा हुआ महसूस कर रहे हैं और भ्रष्टाचार से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।