अलवर

हाईवे पर एक ही जगह मिलेगी पेट्रोल-रिपेयरिंग से शॉपिंग तक की सुविधाएं, राजस्थान में भी 40 से 60KM के बीच बनेंगे सेंटर्स

Way-Side Amenity Centers: राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही एक ही जगह पेट्रोल, वाहन रिपेयरिंग, भोजन, शॉपिंग और आराम की सुविधाएं मिलेंगी। एनएचएआई राजस्थान समेत देशभर में वे-साइड एमेनिटी सेंटर विकसित कर रहा है।
2 min read
Jun 25, 2026
NHAI
नेशनल हाईवे की फाइल फोटो: पत्रिका

NHAI Instruction: देश के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही पेट्रोल भरवाने या वाहन की मरम्मत के लिए अलग-अलग स्थानों की तलाश नहीं करनी पड़ेगी, बल्कि हाईवे पर विकसित किए जा रहे वे-साइड एमेनिटी सेंटर यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बहुउद्देश्यीय सुविधा केंद्र के रूप में काम करेंगे।

देश में नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे का नेटवर्क लगातार बढ़ रहा है। इन मार्गों पर वे-साइड एमेनिटी यानी सड़क किनारे उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। एनएचएआइ की कंपनी नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लि. ने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जहां जरूरत हो वहां वे-साइड एमेनिटी सेंटर विकसित किए जाएं। इन केंद्रों में वाहन चालकों को अनेक सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराई जाएंगी।

700 से ज्यादा वे-साइड एमेनिटी सेंटर विकसित होंगे

राजस्थान समेत देशभर में 700 से अधिक वे-साइड एमेनिटी विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इनमें से 134 केंद्र पहले ही चालू हो चुके हैं, जबकि अन्य स्थानों पर निर्माण और विकास कार्य जारी है। इन केंद्रों का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। इन सेंटरों में पेट्रोल पंप, वाहन मरम्मत की सुविधा, भोजनालय, विश्राम स्थल, शौचालय, पार्किंग और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी। राजस्थान में भी ये सेंटर्स बनाए जाएंगे जो 40 से 60 किलोमीटर के बीच स्थापित होंगे। हाईवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में मरम्मत सुविधा मिलने से परेशानी कम होगी। साथ ही यात्रियों को तत्काल सहायता और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पहले से मिल रही हैं सुविधाएं

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पहले से इस तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। इनमें और बढ़ोतरी की जा सकती है। इस एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले यात्रियों को भोजन के अलावा शॉपिंग व पेट्रोल पंप की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जगह-जगह रेस्ट हाउस बने हुए हैं, जहां यात्री थकान मिटा सकते हैं। इसके अलावा स्वच्छ शौचालय, पेयजल, पार्किंग और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। लंबे सफर के दौरान चालक और यात्री यहां कुछ समय रुककर आराम कर सकते हैं। भविष्य में इन केंद्रों पर बच्चों के मनोरंजन, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और बेहतर खानपान की अतिरिक्त सुविधाएं विकसित करने की भी योजना बनाई जा सकती है जिससे यात्रा और अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बन सके।

Updated on:
25 Jun 2026 02:35 pm
Published on:
25 Jun 2026 12:33 pm