अलवर

अलवर में यहां से बुजुर्ग महिला से कुण्डल व इतने हजार रुपए ले गए बदमाश, इस तरह दिया झांसा

https://www.patrika.com/alwar-news/
less than 1 minute read
Oct 05, 2018
Old Women Looted Near Alwar Bus Stand
अलवर में यहां से बुजुर्ग महिला से कुण्डल व इतने हजार रुपए ले गए बदमाश, इस तरह दिया झांसा

शहर के बस स्टैण्ड रोड पर दोपहर दो बदमाश झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से सोने के कुण्डल और 1500 रुपए ठग ले गए। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। देर रात तक पुलिस को बदमाशों के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा।

पुलिस ने बताया कि धोबीपाड़ा निवासी राजकुमारी गुप्ता (70) अग्रवाल स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। गुरुवार को दोपहर संस्था प्रधान ने राजकुमारी को पैन लाने के लिए भेजा। बस स्टैण्ड रोड स्थित महावीर भवन के पास महिला को दो युवक मिले। बदमाश युवकों ने बुजुर्ग महिला से कहा कि एक सेठ के 12 साल में लडक़ा हुआ है। वह इनाम में 1200 रुपए और साड़ी देगा। वह उसे भी इनाम और साड़ी दिला देंगे। महिला उनके झांसे में आ गई और उनके साथ जाने का तैयार हो गई। बदमाशों ने महिला से इनाम लेने से पहले अपने कान के कुण्डल उतारने को कहा।

इस पर महिला ने अपने कान के सोने के कुण्डल और पर्स में रखे 1500 रुपए उक्त युवकों को दे दिए। इसके बाद युवकों ने महिला को एक दुकान पर बैठा दिया और फरार हो गए। कुछ देर जब वह नहीं आए तो महिला शोर मचाते हुए रोने लगी। ये देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

Published on:
05 Oct 2018 04:09 pm