अलवर

पाकिस्तान में एक ही नंबर पर 350 बार किया कॉल, अलवर सैन्य छावनी में पकड़े गए शख्स के मोबाइल से खुलासा

ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र में संदिग्धावस्था में मिले युवक के मोबाइल से पाकिस्तान और हांगकांग के नंबरों पर व्हाट्सऐप कॉल एवं चैट संपर्क होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद जांच एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं।

2 min read
Jun 18, 2026
Itarana Military Cantonment
ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र में संदिग्धावस्था में मिले युवक से पूछताछ जारी। Photo: AI-generated

अलवर। अलवर जिले के ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र में संदिग्धावस्था में मिले युवक से जांच एजेंसियां गहतनता से पूछताछ कर रही हैं। युवक के मोबाइल फोन को भी फोरेंसिक और साइबर जांच के लिए जयपुर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तान और हांगकांग के नंबरों पर व्हाट्सऐप कॉल एवं चैट संपर्क होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद जांच एजेंसियां मामले की गहन पड़ताल में जुटी हैं।

सूत्रों के अनुसार युवक के मोबाइल की प्रारंभिक जांच में व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान और हांगकांग के मोबाइल नंबरों से बातचीत के संकेत मिले हैं। इनमें पाकिस्तान के एक नंबर पर करीब 350 बातचीत होने की जानकारी सामने आई थी। इसके अलावा मोबाइल में मौजूद कुछ सोशल मीडिया चैट भी डिलीट मिली हैं, जिनकी तकनीकी जांच कराई जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि मामले में तकनीकी और गैर-तकनीकी सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल विभिन्न एजेंसियां समन्वय के साथ मामले की पड़ताल कर रही हैं।

जोधपुर का रहने वाला है, अलवर की होटल में ठहरा था

जांच में सामने आया है कि कुंदन विश्नोई (20) सेकंड ईयर का स्टूडेंट है और जोधपुर का रहने वाला है। वह पिछले कुछ दिनों से अलवर शहर की एक होटल में ठहरा हुआ था। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन के वाट्सऐप पर पाकिस्तान के नंबरों से कई बार बातचीत होने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं संपर्क में पाए गए। फिलहाल, ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र से पकड़े गए युवक से पुलिस, सेना और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि जासूसी को लेकर कई खुलासे होने की संभावना है।

14 जून को सैन्य क्षेत्र से लिया गया था हिरासत में

गौरतलब है कि 14 जून को जासूसी के संदेह में ईटाराणा सैन्य छावनी क्षेत्र से जोधपुर निवासी कुंदन विश्नोई (20) को हिरासत में लिया गया था। बताया गया कि युवक दोपहर के समय सैन्य क्षेत्र में एक छात्रा से बातचीत कर रहा था। इस दौरान उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर सेना और आर्मी इंटेलीजेंस ने उससे पूछताछ की। प्राथमिक पूछताछ के बाद सेना और आर्मी इंटेलीजेंस ने मामले की सूचना एमआइए थाना पुलिस को दी थी। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर विभिन्न एजेंसियों द्वारा पूछताछ और तकनीकी जांच की कार्रवाई शुरू की गई, जो फिलहाल जारी है।

Published on:
18 Jun 2026 10:38 am