
-अतुल शर्मा
Rajasthan Dry Day Patrika Sting: रामगढ़ (अलवर): राजस्थान पंचायत चुनाव की मतगणना के दिन अलवर जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में ड्राई डे घोषित किया था। इसके बावजूद रामगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के नाड़का-बाड़का इलाके में शराब की बिक्री हो रही थी। शुक्रवार रात ग्राहक बनकर पहुंची पत्रिका टीम से 200 रुपए की बीयर के लिए 300 रुपए लिए गए। दुकान के पीछे ग्राहकों के बैठकर शराब पीने के लिए सोफे, गिलास, पानी और नमकीन का भी इंतजाम था।
बगड़ तिराया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-248ए पर स्थित शराब के एक कंटेनर पर आबकारी विभाग की सील लगी थी। उसी के पास संचालित दुकान में शराब का स्टॉक रखा था। पत्रिका प्रतिनिधि ने ग्राहक बनकर बीयर मांगी तो दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने बोतल निकालकर 300 रुपए मांगे। बोतल की निर्धारित कीमत 200 रुपए बताने पर उसने उस दाम पर बीयर देने से इनकार कर दिया।
दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने प्रतिनिधि से कहा, ‘दुकान के पीछे बैठकर आराम से पी लो, कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन 300 रुपए ही देने पड़ेंगे।’ टीम ने मौके पर देखा कि दुकान के पीछे बैठने के लिए सोफे रखे थे। वहां गिलास, पानी और नमकीन भी उपलब्ध थे।
इस संबंध में आबकारी विभाग के सर्किल इंचार्ज सीएआई अशोक से फोन पर कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाई। जिला आबकारी अधिकारी गौरव मणि जौहरी ने कहा, ‘ड्राई डे के दिन शराब बेचना प्रतिबंधित है। यदि ड्राई डे के दिन ऐसा हुआ है, तो जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।’
राजस्थान में ड्राई डे (शुष्क दिवस) का मतलब है कि तय इलाके और समय में शराब और बीयर की बिक्री पर रोक रहती है। उस दौरान शराब की दुकानें बिक्री के लिए बंद रहती हैं। होटल, बार और क्लब में शराब परोसने पर भी संबंधित आदेश के अनुसार रोक लग सकती है। गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती जैसे अवसरों पर पूरे राजस्थान में ड्राई डे रहता है। पंचायत चुनाव में मतदान या मतगणना के लिए घोषित ड्राई डे किन इलाकों में और कितने समय तक लागू रहेगा, यह प्रशासन के आदेश में तय होता है।