अलवर

Vidya Sambal Recruitment: विद्या संबल में भर्ती की तैयारी, सेकंड-थर्ड ग्रेड को फिलहाल नो-एंट्री

Vidya Sambal Recruitment: सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में केवल 11वीं और 12वीं कक्षाओं के लिए व्याख्याता लगाए जाएंगे। सेकंड और थर्ड ग्रेड के हजारों रिक्त पदों को फिलहाल भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है।
2 min read
Aug 30, 2026
vidya sambal guest faculty
representative picture (patrika)

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए विद्या संबल योजना के तहत गेस्ट फैकल्टी लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए व्याख्याताओं को लगाया जाएगा। सेकंड ग्रेड और थर्ड ग्रेड शिक्षकों के पदों को फिलहाल इस प्रक्रिया में शामिल नहीं किया गया है। इससे बीएड धारकों और सेकंड-थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में असमंजस है।

जिन क्षेत्रों में चुनाव होने हैं, वहां विद्या संबल की प्रक्रिया स्थगित रहेगी। जिन क्षेत्रों में चुनाव नहीं हैं और आचार संहिता लागू नहीं हो रही है, वहां रिक्त व्याख्याता पदों के लिए आवेदन लिए जाएंगे। कक्षा 11वीं और 12वीं में अध्यापन के लिए चयनित व्याख्याताओं को 400 रुपए प्रति घंटे के हिसाब से मानदेय मिलेगा। अधिकतम मासिक मानदेय 30 हजार रुपए निर्धारित किया गया है।

अलवर में 2200 सेकंड ग्रेड पद रिक्त

अलवर जिले में सेकंड ग्रेड के करीब 2200 पद रिक्त हैं। वहीं एल-1 और एल-2 के 229 पद भी रिक्त हैं। इन पदों पर शिक्षक नहीं होने से स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद विद्या संबल के पहले चरण में इन पदों को शामिल नहीं किया गया है। आगे सेकंड और थर्ड ग्रेड के पदों पर भी गेस्ट फैकल्टी लगाई जाएगी या नहीं, आदेश में स्पष्ट नहीं है।

न परीक्षा, न इंटरव्यू… मेरिट से चयन

विद्या संबल में चयन के लिए अभ्यर्थियों को परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। शैक्षणिक और प्रशिक्षण योग्यता के अंकों के आधार पर सीधे मेरिट तैयार होगी। शैक्षणिक योग्यता के प्राप्तांकों का 75 प्रतिशत और प्रशिक्षण योग्यता के प्राप्तांकों का 25 प्रतिशत अंक भार रहेगा। सेवानिवृत्त शिक्षकों को वरीयता दी जाएगी।

समान अंक होने पर अधिक आयु वाले निजी अभ्यर्थी को प्राथमिकता मिलेगी। 65 वर्ष तक के सेवानिवृत्त शिक्षक और पात्र निजी अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन 1 से 7 सितंबर तक संबंधित विद्यालय में व्यक्तिगत रूप से दोपहर 12 बजे तक जमा कराने होंगे।


15 सितंबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

आवेदन के बाद 8 सितंबर को आवेदकों की सूची जारी होगी। 9 और 10 सितंबर को आवेदन जांचकर अस्थायी मेरिट सूची जारी की जाएगी और आपत्तियां ली जाएंगी। 11 सितंबर को अंतिम चयन सूची जारी होगी। 12 सितंबर को सूची सीबीईओ और 14 सितंबर को सीडीईओ कार्यालय भेजी जाएगी। जिला स्तरीय कमेटी 15 सितंबर तक अनुमोदन करेगी। इसी दिन रात 11.59 बजे तक नियुक्ति आदेश जारी करने का लक्ष्य है।

Updated on:
30 Aug 2026 12:08 pm
Published on:
30 Aug 2026 12:08 pm