
अलवर। राजस्थान आवासन मंडल (हाउसिंग बोर्ड) ने अलवर में फ्लैट खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अलवर में ग्राहकों को किस्तों में राशि जमा कराने की सुविधा मिलेगी। जबकि भिवाड़ी में फ्लैट के लिए ग्राहकों को एकमुश्त राशि जमा करनी पड़ी थी। आवासन मंडल जयपुर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता पीएल मीणा ने बताया कि अलवर के लोगों को किस्तों में फ्लैट मिलेंगे। नियमों में बदलाव इसलिए किया गया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग फ्लैट खरीद सकें।
रजिस्ट्रेशन अच्छी संख्या में आएं और कोई भी फ्लैट खाली न रहे। भिवाड़ी में फ्लैट के लिए ग्राहकों को एकमुश्त राशि जमा करनी पड़ी, लेकिन अलवर में ऐसा नहीं होगा। यह महत्वपूर्ण नियम है, जो अपना घर खरीदने के सपने को साकार करने में मदद करेगा। अतिरिक्त मुख्य अभियंता के अनुसार, अलवर में बनने वाले फ्लैट्स के डिजाइन अलग नहीं होंगे, जो पूर्व में बनाए गए है, उसी तरह के बनेंगे।
आवासन मंडल अलवर के एनईबी एक्सटेंशन में 64 फ्लैट मध्यम व उच्च आय वर्ग के लिए बनाएगा। इसके लिए चार टावर बनेंगे। एलआइजी फ्लैट का एरिया 46 स्क्वायर मीटर रहेगा, जिसकी कीमत 18 लाख होगी। एमआइजी फ्लैट के 72 स्क्वायर मीटर एरिया की कीमत करीब 25 लाख होगी। दोनों ही फ्लैट्स में टू रूम होंगे, लेकिन एरिया अलग-अलग होगा।
आवासन मंडल बिजली, पानी से लेकर ढांचागत कार्य के डिजाइन रेरा में प्रस्तुत करेगा। वहां से मंजूरी में करीब दो माह लगेंगे। उसके बाद आवासन मंडल रजिस्ट्रेशन शुरू करेगा। एलआइजी फ्लैट का रजिस्ट्रेशन 50 हजार रुपए में होगा। एमआइजी फ्लैट का रजिस्ट्रेशन 70 हजार रुपए में होगा। उसके बाद किस्तों में राशि जमा कर सकेंगे। भिवाड़ी में फ्लैट की कीमत का 10 प्रतिशत हिस्सा रजिस्ट्रेशन के समय ही जमा कराया गया था। इसका नुकसान यह हुआ कि 32 फ्लैट के आवेदन मांगे गए थे, लेकिन 20 ही लोगों ने आवेदन किया।
अलवर के लोगों को किस्तों में फ्लैट मिलेंगे। रजिस्ट्रेशन के समय 10 फीसदी शुल्क नहीं देना होगा, उसके लिए 50 हजार व 70 हजार रुपए शुल्क निर्धारित है। फ्लैट्स के डिजाइन पुराने ही होंगे। जैसे ही रेरा से मंजूरी मिलेगी, हम रजिस्ट्रेशन शुरू कर देंगे।
-पीएल मीणा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, आवासन मंडल जयपुर