अलवर

Rajasthan: पुलिस थाने पर हमला मामले में बड़ा एक्शन, भाजयुमो का पूर्व मंडल अध्यक्ष सहित 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Rajasthan Police Station Attack: राजस्थान के अलवर जिले में गोविंदगढ़ थाने पर हमले के बाद एक्शन में आई पुलिस ने भाजयुमो के पूर्व मंडल अध्यक्ष सहित 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 28 अन्य को शांतिभंग में धर-दबोचा।
2 min read
May 08, 2026
Rajasthan Police Station Attack-1
थाने के बाहर मौजूद पुलिस व आरोपी ​विक्रम सिंह। फोटो: पत्रिका

अलवर। गोविंदगढ़ कस्बे के गंगा मंदिर व राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप बुधवार रात करीब 10.45 बजे मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट बाइक से पटाखे फोड़ने वाली तेज आवाज निकालते व बाइक को स्पीड से दौड़ाते एक युवक को गोविंदगढ़ पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआइ) बलवीर सिंह ने टोका, तो वह बाइक को छोड़ फरार हो गया।

एएसआइ व उनकी टीम बाइक को जब्त कर थाने ले आई। रात 11 बजकर 20 मिनट पर 50 से ज्यादा लोग थाने में घुस गए और एएसआइ पर बाइक छोड़ने का दबाव बनाने लगे। एएसआइ को थाने से बाहर खींच लिया। पुलिस ने भीड़ को थाने से बाहर निकाला, तो कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव में थानाप्रभारी धर्मसिंह मीणा के होंठ पर चोट आई। कांस्टेबल धीरज, भरत व श्रीनाथ भी चोटिल हो गए। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए।

4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 28 अन्य को शांतिभंग में धर-दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल विक्रम सिंह भाजयुमो का पूर्व मंडल अध्यक्ष है। पुलिस ने 7 बाइक भी जब्त की है। हालात को संभालने के लिए आसपास के 8 थानों की पुलिस गोविंदगढ़ में बुलानी पड़ी। एएसपी प्रियंका रघुवंशी भी रात करीब 12 बजे गोविंदगढ़ पहुंच गई थीं।

कोर्ट परिसर में रखे ईंट-पत्थरों से थाने पर पथराव

आरोपियों ने कोर्ट परिसर में रखे ईंट-पत्थर उठाकर थाने पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के बाद जब पुलिसकर्मी बचाव के लिए आसपास की गलियों में पहुंचे, तो कुछ लोगों ने एक कांस्टेबल को अकेला पाकर घेर लिया और उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।

कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कठूमर, धौलागढ़ देवी, रैणी, रामगढ़ और नौगांवा थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। थाने पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। देर शाम यह खबर भी आई कि गोविंदगढ़ थाना प्रभारी को होंठ पर लगी चोट पत्थर से नहीं, बल्कि हाथ में पहने जाने वाले के कड़े से लगी है। इधर, शांतिभंग में गिरफ्तार 28 आरोपियों को शाम को तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहां से सभी को रिहा कर दिया गया। घटना के बाद थाना परिसर में जगह-जगह पत्थर बिखरे नजर आए। फर्श पर खून के निशान दिखाई दिए। रात को ही अलवर से पहुंची एफएसएल और एमओबी की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

28 शांतिभंग में पकड़े, फिर जमानत पर रिहा

पुलिस ने सुखजीत पुत्र गुरु सेवक सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी हनुमान कॉलोनी, रामबास, विक्रम सिंह पुत्र श्याम सिंह उम्र 24 साल निवासी अनाज मंडी के पास, गोविंदगढ़, रौनकी सिंह पुत्र रोशन सिंह उम्र 19 साल निवासी गुरु नानक कॉलोनी गोविंदगढ़ और अर्जुन सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह उम्र 21 साल निवासी वार्ड नंबर 14 गोविंदगढ़ किया गिरफ्तार किया है। इनके अलावा एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। 28 व्यक्तियों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया।

Published on:
08 May 2026 07:44 am