
गोविन्दगढ़ पुलिस थाने पर पथराव। फोटो: पत्रिका
Govindgarh Violence News: अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के गोविन्दगढ़ में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक जब्त करने से नाराज 100 से अधिक लोगों की भीड़ ने पुलिस थाने पर हमला कर दिया। उपद्रवियों ने जमकर पथराव किया। पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए। उपद्रवियों ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर थाना अधिकारी धर्म सिंह को घायल कर दिया। वहीं, कई पुलिसकर्मियों को भी चोट आई है। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार अलवर जिले के गोविन्दगढ़ थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे दो युवक बाइक पर स्टंट कर रहे थे और तेज आवाज में पटाखे फोड़कर इलाके में दहशत फैला रहे थे। गोविन्दगढ़ थाने के एएसआई ने युवकों को रोककर समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों युवक पुलिसकर्मी से ही उलझ पड़े। इसके बाद पुलिस बाइक को जब्त कर थाने ले आई।
बाइक जब्त किए जाने की सूचना फैलते ही करीब 100 से अधिक लोग पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस थाने पर पथराव शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस पर लाठी-डंडों से हमला किया और पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए। इस हमले में थाना अधिकारी धर्म सिंह के चेहरे पर चोट आई।
पुलिस की पथराव की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी प्रियंका रघुंवशी सहित अलवर जिले के 17 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पथराव की घटना के बाद कोतवाली अलवर, एनईबी, शिवाजी पार्क, उद्योग नगर एमआईए, वैशाली नगर, सदर अलवर, टहला, रामगढ़, नौगांवा, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, मालाखेड़ा, बड़ौदामेव, राजगढ़ और रैणी थाने से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस रातभर से गांव में डेरा डाले हुए है।
थाने परिसर में खून बिखरा दिखाई दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
पुलिस थाने पर हमले की घटना के बाद पुलिस गुरुवार तड़के से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। वहीं, महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस हर स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पुलिस ने अब तक 20 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एडिशनल एसपी प्रियंका रघुंवशी का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
07 May 2026 08:52 am
Published on:
07 May 2026 08:15 am
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
