अलवर

Senior Citizen Tirth Yatra: वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए खुली लॉटरी, अलवर के 1660 बुजुर्ग मुफ्त में करेंगे दर्शन

राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत अलवर जिले के 1660 बुजुर्गों को इस बार मुफ्त में देश-विदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का मौका मिलेगा।
2 min read
Jun 25, 2026
Senior Citizen Tirth Yatra
योजना की लॉटरी निकालते एडीएम सिटी अम्बालाल मीणा (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान सरकार की 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना' के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में लॉटरी निकाली गई। इस लॉटरी प्रक्रिया के बाद अब अलवर जिले के 1660 बुजुर्गों का मुफ्त में भगवान के दर्शन करने का सपना साकार होने जा रहा है। कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम सिटी) अम्बालाल मीणा की अध्यक्षता में पूरी पारदर्शिता के साथ कंप्यूटर से यह लॉटरी निकाली गई। इस दौरान देवस्थान विभाग, पर्यटन और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

हवाई जहाज से नेपाल और ट्रेन से देश के कोने-कोने की यात्रा

एडीएम सिटी अम्बालाल मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल जिले भर से कुल 3 हजार 89 बुजुर्गों ने मुफ्त तीर्थ यात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन किए थे। आवेदकों की भारी संख्या को देखते हुए लॉटरी सिस्टम का सहारा लिया गया, जिसमें से कुल 1660 यात्रियों का फाइनल चयन हुआ है। इन भाग्यशाली यात्रियों में से 181 बुजुर्गों को हवाई जहाज से विदेश में स्थित नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू) के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं, बाकी बचे 1479 तीर्थयात्रियों को विशेष ट्रेन के जरिए देश के कोने-कोने में बसे पावन धार्मिक स्थलों की यात्रा पर भेजा जाएगा।


अयोध्या, रामेश्वरम और वैष्णो देवी समेत कई धामों के दर्शन

योजना के तहत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को अयोध्या में रामलला के दर्शन, वाराणसी, ऋषिकेश, हरिद्वार, मथुरा-वृंदावन, जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, द्वारकापुरी, महाकालेश्वर, वैष्णो देवी और अमृतसर समेत देश के प्रमुख हिंदू, जैन और सिख तीर्थ स्थलों पर ले जाया जाएगा। सरकार की तरफ से इन सभी यात्रियों के रहने, खाने-पीने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बुजुर्गों को सफर के दौरान किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो, इसके लिए विशेष गाइड और स्वास्थ्य कर्मी भी उनके साथ रहेंगे।

रिजर्व लिस्ट भी तैयार, कैंसिल सीट पर मिलेगा मौका

प्रशासन ने पूरी तैयारी करते हुए 1660 मुख्य यात्रियों के साथ-साथ इतने ही (1660) आवेदकों की एक रिजर्व या वेटिंग लिस्ट भी तैयार की है। एडीएम ने बताया कि अगर मुख्य सूची में चुना गया कोई बुजुर्ग किसी कारणवश, जैसे बीमारी या पारिवारिक वजहों से यात्रा पर नहीं जा पाता है, तो उनकी जगह पर रिजर्व कोटे के बुजुर्गों को मौका दिया जाएगा। इस पूरी लॉटरी प्रक्रिया के दौरान सीएमएचओ डॉ. योगेन्द्र शर्मा, पर्यटन विभाग की उप निदेशक टीना यादव और देवस्थान विभाग के निरीक्षक सुमित वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Published on:
25 Jun 2026 12:31 pm