अलवर

Rajgarh Railway Accident: ट्रेन से गिरकर यूपी के शिक्षक की दर्दनाक मौत, राजगढ़ बांदीकुई मार्ग पर हुआ हादसा

राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर शुक्रवार सुबह योगा एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी एक निजी स्कूल शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
2 min read
Jul 03, 2026
train accident teacher death
मृतक के शव को राजगढ़ अस्पताल में रखवाया (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले के राजगढ़ बांदीकुई रेल खंड पर स्थित गोठ और सुरेर रेलवे स्टेशनों के बीच शुक्रवार तड़के यह दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन से गिरने के कारण करीब 28 वर्षीय युवक की जान चली गई। राजगढ़ जीआरपी (Government Railway Police) के एएसआई सत्येन्द्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की ओर से सूचना मिली थी।

सूचना में बताया गया कि योगा एक्सप्रेस ट्रेन से गोठ सुरेर के बीच एक यात्री गिर गया है, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी है। इस जानकारी के मिलते ही जीआरपी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो वहां मृतक के साथ सफर कर रहे उसके अन्य साथी भी बदहवास हालत में खड़े मिले।

साथियों संग स्कूल जॉइन करने जा रहा था राजस्थान

पुलिस ने जब मृतक के पास मिले दस्तावेजों और उसके साथियों से पूछताछ की, तो उसकी पहचान उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के बिनोली थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर निवासी यश बाजवान (पुत्र श्रीनिवास बाजवान) के रूप में हुई। हादसे की खबर पाकर राजगढ़ पहुंचे मृतक के छोटे भाई अतुल बाजवान ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी।

अतुल ने बताया कि उसका बड़ा भाई यश बाजवान राजस्थान के पाली जिले के जैतारण में एक प्राइवेट स्कूल में टीचर था। गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद स्कूल दोबारा खुल रहे थे, इसलिए वह ड्यूटी जॉइन करने वापस राजस्थान आ रहा था।


शाहदरा से बैठे थे ट्रेन में, रास्ते में हुआ हादसा

यश अपने दो साथियों अनुज सोलंकी और क्रिश के साथ गुरुवार को दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन से योगा एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुआ था। पूरी रात का सफर आराम से कटा, लेकिन शुक्रवार तड़के जब ट्रेन अलवर के राजगढ़ इलाके से गुजर रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने के कारण यश चलती ट्रेन से नीचे ट्रैक पर आ गिरा। रफ्तार तेज होने के कारण उसे संभलने का मौका नहीं मिला और गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जीआरपी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर तुरंत राजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद यूपी में रह रहे परिजनों को हादसे की खबर दी गई। परिजनों के राजगढ़ पहुंचने के बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और बॉडी परिजनों के सुपुर्द कर दी। जीआरपी ने मामला दर्ज कर हादसे के असली कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है।

Updated on:
03 Jul 2026 03:00 pm
Published on:
03 Jul 2026 03:00 pm