अलवर

री-नीट परीक्षार्थियों को राजस्थान रोडवेज बस में फ्री ट्रेवल के लिए सत्यापन जरूरी, रेलवे ने भी चलाई स्पेशल ट्रेनें

Special Train For Re-NEET Exam 2026: री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज और रेलवे ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। अब रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा के लिए डिजिटल सत्यापन कराना अनिवार्य होगा, वहीं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें भी संचालित की है।

2 min read
Jun 20, 2026
Rajasthan Roadways Free Travel
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Re-NEET Exam Free Travel In Rajasthan Roadways Bus: राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों में प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों को निःशुल्क यात्रा के नियमों में बदलाव किया गया था। ऐसे में अब री-नीट परीक्षार्थियों को भी निशुल्क यात्रा करने के लिए राजस्थान रोडवेज की वेबसाइट पर 36 घंटे पहले किया हुआ डिजिटल सत्यापन दिखाना जरूरी होगा। नए नियमों के अनुसार पोर्टल पर अभ्यर्थियों को अपना परीक्षा प्रवेश पत्र अपलोड करने के पश्चात ओटीपी आधारित सत्यापन किया जाता है। पंजीकृत अभ्यर्थियों के रोल नम्बर्स को निगम की टिकट मशीन के डेटाबेस से सिंक किया जाएगा। इससे निगम वाहन के परिचालकों के पास नवीनतम पंजीकृत डेटा उपलब्ध रहेगा।

परिचालक को यात्रा के दौरान टिकट काटते समय परीक्षा प्रवेश पत्र के रोल नंबर से पंजीकृत डेटा मिलाना होगा। उक्त प्रक्रिया से जहां निगम बसों में यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों की यात्रा का सत्यापन किया जा सकेगा।

री-नीट परीक्षार्थियों के लिए चलाई स्पेशल ट्रेनें

री-नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार शनिवार को गाड़ी संख्या 09643 मदार-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल शाम 5 बजे मदार से रवाना होकर रात 1 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यह ट्रेन किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, मालाखेड़ा, अलवर एवं खैरथल सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार 21 जून को गाड़ी संख्या 09743 रेवाड़ी-जयपुर परीक्षा स्पेशल रेवाड़ी से सुबह 5 बजे रवाना होकर 9 बजे जयपुर पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09744 जयपुर-रेवाड़ी परीक्षा स्पेशल 21 जून को शाम 7:20 बजे जयपुर से रवाना होकर रात 1 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। दोनों ट्रेनों का ठहराव अलवर, खैरथल, मालाखेड़ा, राजगढ़, बांदीकुई और दौसा, गैटोर जगतपुरा व गांधीनगर जयपुर स्टेशनों पर रहेगा। इन स्पेशल ट्रेनों में 10 साधारण श्रेणी एवं 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 कोच होंगे।

होटल, साइबर कैफे और सोशल मीडिया पर नजर

अलवर पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास होटल, धर्मशाला, साइबर कैफे, ई-मित्र केंद्र और फोटो स्टेट दुकानों पर निगरानी बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर भी 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा से जुड़ी अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, निगरानी एवं वीडियोग्राफी के लिए उड़नदस्ते तैनात किए गए हैं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिस और स्थायी पिकेट लगाए गए हैं।

नकल रोकने को 320 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि परीक्षा के शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संचालन के लिए 320 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। परीक्षा के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार को बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, निरीक्षक और उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Updated on:
20 Jun 2026 10:23 am
Published on:
20 Jun 2026 10:09 am