अलवर

सरिस्का में एसटी-11 की हत्या का आरोपी जमानत पर, अब वन विभाग जुटा इस तैयारी में

आरोपी की जमानत के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने के लिए सरकार से मांगी अनुमति
2 min read
Jul 15, 2018
Sariska : Preparing to go to the Supreme Court against bail
सरिस्का में एसटी-11 की हत्या का आरोपी जमानत पर, अब वन विभाग जुटा इस तैयारी में

अलवर सरिस्का में बाघ एसटी-11 की हत्या के आरोप में गिरफ्तार भगवान सहाय प्रजापत को हाईकोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ सरिस्का प्रशासन उच्चतम न्यायालय में अपील पेश करेगा। इसके लिए सरिस्का प्रशासन ने सरकार को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है।
सरिस्का के इंदौक गांव में गत 19 मार्च को बाघ एसटी-11 का शव मिला था। बाद में सरिस्का प्रशासन ने बाघ की हत्या के आरोप में राड़ी गांव निवासी भगवान सहाय प्रजापत पुत्र हनुमान प्रजापत को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने इंदौक गांव में खेत पर तार का फंदा लगा रखा था, जिसमें बाघ की गर्दन फंसने से मौत हो गई। मामले की जांच के बाद न्यायालय में चालान पेश किया गया, लेकिन बाद में राजस्थान हाईकोर्ट से आरोपी को जमानत मिल गई थी। सरिस्का प्रशासन ने आरोपी को जमानत मिलने के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने का फैसला किया गया है। इसके लिए सरकारी वकीलों से राय भी सरिस्का प्रशासन ने ली है।

सरिस्का प्रशासन को नहीं मिला जवाब

सरिस्का प्रशासन ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर बाघ एसटी-11 की मौत मामले के आरोपी भगवान सहाय को जमानत दिए जाने के खिलाफ उच्चतम न्यायालय में अपील दायर करने के लिए करीब 10 दिन पूर्व पत्र भेजा है। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक सरिस्का प्रशासन को अपील दायर करने के बारे में जवाब नहीं मिला है, लेकिन सरिस्का प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सरकार को अपील दायर करने के लिए पुन: पत्र भेजा जाएगा।

सवालिया निशान

बाघ वन्यजीवों में शेड्यूल फस्र्ट का जानवर है। इसकी हत्या जघन्य अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे में बाघ की हत्या जैसे मामलों में आरोपी को जमानत मिलने की उम्मीद कम रहती है। सरिस्का में बाघ एसटी-11 की मौत का मामला भी इसी श्रेणी मेें आता है, फिर भी कम समय में आरोपी को जमानत मिलने से सरिस्का प्रशासन की ओर से मामले की जांच पर सवालिया निशान लगने लगे थे। इसी के चलते सरिस्का प्रशासन ने उच्चतम न्यायालय में आरोपी के खिलाफ अपील दायर करने का निर्णय किया है।

सरकार से जल्द ही अनुमति मिलेगी

बाघ एसटी-11 की मौत मामले में आरोपी भगवान सहाय को जमानत मिलने को लेकर उच्चतम न्यायालय में अपील दायर की जाएगी। सरकार को अनुमति के लिए पत्र भेजा गया है। उम्मीद है सरकार से जल्द ही अनुमति मिलेगी। यदि अनुमति नहीं मिली तो पुन: सरकार को पत्र भेजा जाएगा।
हेमंत सिंह, डीएफओ, सरिस्का बाघ परियोजना

Published on:
15 Jul 2018 10:59 am