
अलवर। सरिस्का जोन से सटे थानागाजी थैंक्यू बोर्ड के पास टाइगर एसटी-21 मंगलवार रात करीब 10 बजे काफी देर तक सड़क पर विचरण करता नजर आया। बाघ राजकीय महाविद्यालय के मार्ग से होता हुआ पुलिस थाने के समीप तक जा पहुंचा। थानागाजी कस्बे में बाघ के मूवमेंट से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने अपनी गाड़ियों के अंदर से ही टाइगर का वीडियो बनाया और इस रोमांचक नजारे को कैमरे में कैद किया।
स्थानीय निवासी कमल भड़ाना के अनुसार इस इलाके में टाइगर की मूवमेंट पहले भी कई बार देखी जा चुकी है। पूर्व में फोरेस्टर को भी इसकी सूचना दी गई थी, जहां इसे एसटी-21 टाइगर बताया गया था। थैंक्यू बोर्ड का यह क्षेत्र सारिस्का बफर से जुड़ा है, जिसके चलते यहां वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है।
हालांकि टाइगर का नजारा रोमांचक है, लेकिन ऐसी स्थिति में सावधानी बेहद जरूरी है। राहगीरों को गाड़ी से बाहर नहीं निकलना चाहिए और टाइगर के करीब जाने या उसका रास्ता रोकने से बचना चाहिए। देर रात सड़क पर विचरण करते एसटी-21 का यह वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि सरिस्का वन विभाग टीम बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मौके पर पहुंची।
टीम ने बाघ के मूवमेंट व जंगल की ओर लौटने की दिशा पर नजर रखने के लिए रातभर डेरा डाले रखा। क्षेत्र में टाइगर का मूवमेंट हैं। ऐसे में लोग सुबह अंधेरे में घर से बाहर नहीं निकले। दिन निकलने के बाद ही अपने कार्य या घूमने के लिए समूह में जाए। विशेष रूप से मॉर्निंग व इवनिंग वॉक वाले सावधानी बरतें।
थानागाजी विधायक कांति प्रसाद मीणा ने एक्स पर लिखा कि अभी रात्रि में गवर्मेन्ट कॉलेज रोड के सामने थैंक्यू बोर्ड वाले रास्ते की तरफ टाईगर (बाघ) का मूवमेंट है। अत: मेरा सभी कस्बेवासियों से आग्रह है कि सुबह जल्दी मार्निग वॉक जाते समय सावधानी रखे। अकेले जाने के बजाय समूह में साथ जाए।
वीडियो सामने आने के बाद हमने टीम भेजकर वहां की स्थिति का पता लगाया, लेकिन वहां बाघ के आने के संकेत अभी नहीं मिले हैं। वीडियो पुराना हो सकता है, लेकिन एहतियात के लिए टीम थानागाजी में रात को रुकी हुई है।
-संग्राम सिंह, क्षेत्रीय निदेशक सरिस्का