
सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर एरिया में वन भूमि पर अतिक्रमण का मामला सामने आने के बाद सरिस्का प्रशासन हरकत में आ गया है। भूरा सिद्ध मंदिर मार्ग पर करीब पांच बीघा जमीन पर कब्जा कर पक्के निर्माण किए जाने के मामले में वन विभाग ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए हैं। मौके पर पहुंची सरिस्का की टीम ने जांच कर रिपोर्ट तैयार की है। इसमें जमीन सरिस्का बफर एरिया में होना और वहां निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई है।
सरिस्का प्रशासन अब अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। सोमवार से इस मामले में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद अवैध निर्माण और कब्जा हटाने की कार्रवाई होगी। वन विभाग की ओर से मामले में केस दर्ज करने की भी तैयारी की जा रही है।
भूरा सिद्ध मंदिर मार्ग पर क्षेत्रीय वन अधिकारी सरिस्का बफर रेंज कार्यालय के पीछे ही यह अतिक्रमण किया गया है। जानकारी के अनुसार, पिछले करीब एक साल में यहां धीरे-धीरे निर्माण किया गया। इसके लिए पेड़ों को काटकर हरियाली को नुकसान पहुंचाया गया। जमीन पर पक्के कमरे, शौचालय, बोरिंग, फेंसिंग और गेट बना दिए गए। इतना ही नहीं, यहां फुटपाथ भी तैयार कर लिया गया।
मामला सार्वजनिक होने के बाद सरिस्का के अधिकारियों ने रेंजर और अन्य वनकर्मियों को मौके पर भेजकर जांच कराई। टीम ने निर्माण की स्थिति देखी और मौका रिपोर्ट तैयार की। इस दौरान वहां चल रही बिजली की फिटिंग सहित अन्य काम भी रुकवा दिए गए। इसके साथ ही कब्जाधारियों को नोटिस थमाए गए।
इस मामले की खास बात यह है कि मामला सार्वजनिक होने और वन विभाग की कार्रवाई शुरू होने के बाद जमीन पर कब्जा करने वाले लोग मौके से गायब हो गए हैं। अब विभाग की ओर से उनकी पहचान और अतिक्रमण से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौका रिपोर्ट में जमीन बफर एरिया में होने की पुष्टि होने के बाद यहां किसी भी तरह का अतिक्रमण और निर्माण प्रतिबंधित है। ऐसे में वन विभाग अवैध कब्जे को हटाने की तैयारी में जुटा है।
सरिस्का बफर रेंज के रेंजर शंकर सिंह ने बताया कि अवैध कब्जा करने वालों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। मौका रिपोर्ट भी तैयार हो चुकी है। अब जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी और अतिक्रमण हटाने में देरी नहीं होगी।