अलवर

1 जुलाई से तीन महीने के लिए बंद होगा सरिस्का, आखिरी दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ी 

Sariska Tiger Reserve: अलवर का मशहूर सरिस्का टाइगर रिजर्व वन्यजीव प्रेमियों के लिए 1 जुलाई से अगले तीन महीनों के लिए बंद होने जा रहा है। मानसून के चलते हर साल होने वाली इस बंदी से ठीक पहले, मौसम बदलते ही सरिस्का में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है और बाघों की साइटिंग हो रही है।

2 min read
Jun 03, 2026
sariska tiger
सरिस्का में एसटी- 21 (फाइल फोटो)

Sariska Tiger Reserve News: अगर आप भी इस सीजन में सरिस्का के जंगल का दीदार करना चाहते हैं, तो आपके पास अब कम समय बचा है। मानसून की दस्तक के साथ ही 'सरिस्का टाइगर रिजर्व' को एक जुलाई से अगले तीन महीनों (जुलाई, अगस्त और सितंबर) के लिए पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। वन्यजीवों के प्रजनन काल (Breeding Season) और बारिश में जंगल के रास्ते खराब होने की वजह से यह फैसला हर साल लिया जाता है। इसके बाद अब सीधे 1 अक्टूबर को जंगल के दरवाजे पर्यटकों के लिए दोबारा खोले जाएंगे।

बारिश होते ही बढ़ी पर्यटकों की रौनक

बीते कुछ समय से भीषण गर्मी के कारण सरिस्का में पर्यटकों की संख्या काफी कम हो गई थी। तेज धूप की वजह से बाघ भी गहरे जंगल में छिप गए थे। लेकिन हाल ही में हुई झमाझम बारिश ने पूरे जंगल का मिजाज बदल दिया है। सोमवार रात हुई बारिश के बाद मंगलवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम में नमी आते ही जयपुर, दिल्ली और हरियाणा समेत कई राज्यों से पर्यटक अचानक सरिस्का पहुंचने लगे हैं और सफारी बुकिंग में इजाफा हुआ है।

बाघ एसटी-9, 21 और 25 की हो रही है साइटिंग

जंगल में फैली हरियाली और ठंडी हवाओं के बीच इन दिनों जंगल सफारी के दौरान सैलानियों को आसानी से बाघों के दीदार हो रहे हैं। सरिस्का के गाइड विजय सिंह के मुताबिक, इस समय बाघिन एसटी-9 अपने साथी बाघ एसटी-21 के साथ सदर गेट, कालाकुआं और गधेड़ी इलाके में लगातार देखी जा रही है। वहीं, पर्यटकों का पसंदीदा बाघ एसटी-25 पांडुपोल वाले वीआईपी एरिया में आराम फरमाता नजर आ रहा है।


सफारी का आखिरी मौका

वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही खुशनुमा रहा, तो जून के आखिरी हफ्ते में रिकॉर्ड तोड़ सैलानी सरिस्का पहुंच सकते हैं। अगर आप भी मानसून से पहले जंगल की खूबसूरती और बाघों की दहाड़ को करीब से महसूस करना चाहते हैं, तो 30 जून से पहले अलवर के सरिस्का का रुख जरूर कर लें, क्योंकि इसके बाद आपको पूरे तीन महीने का लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

मानसून के कारण सरिस्का का कोर एरिया जुलाई से सितंबर तक बंद रहेगा। इस समय पर्यटक काफी संख्या में जंगल भ्रमण के लिए आ रहे हैं - संग्राम सिंह कटियार, क्षेत्र निदेशक

Published on:
03 Jun 2026 11:55 am