
Alwar Sariska Tiger Reserve: करीब तीन महीने के इंतजार के बाद सरिस्का टाइगर रिजर्व आज 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर खोल दिया गया। मानसून के दौरान बंद रहे सरिस्का के पर्यटक मार्गों को दुरुस्त करने के बाद वन विभाग ने जंगल सफारी शुरू कर दी है। पहले दिन ऑनलाइन सफारी की बुकिंग फुल रही। ऑफलाइन टिकट नहीं मिलने के कारण पर्यटकों को 35 वाहनों के जरिए जंगल भ्रमण कराया गया। कुछ विदेशी पर्यटक भी पहले दिन सरिस्का की सैर करने पहुंचे।
पहले दिन सरिस्का पहुंचने वाले पर्यटकों का वन विभाग की ओर से अलवर के प्रसिद्ध कलाकंद से स्वागत किया गया। लंबे समय बाद जंगल सफारी शुरू होने से पर्यटकों में खासा उत्साह नजर आया। पर्यटकों की संख्या को देखते हुए आने वाले दिनों में सफारी के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
सरिस्का टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को रोजाना दो पारियों में जंगल भ्रमण कराया जाएगा। पहली पारी सुबह 6:30 बजे से 10 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगी। पर्यटक सरिस्का और टहला गेट से जंगल में प्रवेश कर सकेंगे।
इस बार टहला क्षेत्र में एक और सरिस्का गेट क्षेत्र में दो पर्यटक जोन भ्रमण के लिए खुले रहेंगे। वन विभाग ने मानसून के दौरान बंद रहे पर्यटक मार्गों की मरम्मत और जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
रेंजर पर्यटन कृष्ण कुमार के अनुसार जंगल सफारी के लिए फिलहाल 35 वाहन उपलब्ध रहेंगे। एक पारी में अधिकतम 392 पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराया जा सकता है। अक्टूबर में बड़ी संख्या में पर्यटकों के सरिस्का पहुंचने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर वाहनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
अक्टूबर महीने की अधिकांश ऑनलाइन सफारी बुकिंग पहले ही हो चुकी हैं। ऐसे में अक्टूबर के शुरुआती दिनों में ऑफलाइन टिकट मिलना आसान नहीं होगा। हालांकि ऑनलाइन बुकिंग के बाद यदि किसी पारी में सीट या वाहन उपलब्ध रहता है तो उस स्थिति में ऑफलाइन टिकट के जरिए भी पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराया जाएगा। वन विभाग के अनुसार सफारी के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले पर्यटकों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
सरिस्का खुलने से पहले क्षेत्र निदेशक संग्राम सिंह कटियार और डीएफओ अभिमन्यु सहारण ने गाइड के साथ बैठक की। अधिकारियों ने गाइड को पर्यटकों के साथ बेहतर व्यवहार करने और जंगल एवं वन्यजीवों से जुड़ी सही और उपयोगी जानकारी देने के निर्देश दिए। गाइड को कहा गया कि पर्यटकों को ऐसा अनुभव मिले कि वे दोबारा सरिस्का घूमने के लिए आएं। बैठक में जंगल में प्रतिबंधित वस्तुएं नहीं ले जाने और सफारी के दौरान नियमों का पालन कराने को लेकर भी निर्देश दिए गए।
पर्यटकों से जंगल में प्लास्टिक की बोतल या अन्य कचरा नहीं फेंकने की अपील की जाएगी। साथ ही सफारी के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल से बचने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। करीब तीन महीने बाद सरिस्का टाइगर रिजर्व खुलने के साथ ही वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों का इंतजार खत्म हो गया है। अक्टूबर में बड़ी संख्या में पर्यटकों के सरिस्का पहुंचने की उम्मीद है।