अलवर

alwar weather news : तेज आंधी में 80 से अधिक बिजली के पोल और थ्री फेज ट्रांसफार्मर धराशायी

जिले में रविवार देर रात आई आंधी ने कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा और बारिश से कई पेड़ उखड़ गए, 80 से अधिक बिजली पोल गिर गए, जिससे बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं होने से भीषण गर्मी में लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हुए और पेयजल संकट भी गहरा गया।

2 min read
Jun 10, 2026
alwar news
आंधी ने मचाई तबाई। कई पेड़ गिरे।

अलवर. जिले में रविवार देर रात आई आंधी ने कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवा और बारिश से कई पेड़ उखड़ गए, 80 से अधिक बिजली पोल गिर गए, जिससे बिजली गुल हो गई। बिजली नहीं होने से भीषण गर्मी में लोग अंधेरे में रात गुजारने को मजबूर हुए और पेयजल संकट भी गहरा गया।

जिले के अलावड़ा कस्बा सहित क्षेत्र के चौमा, माणकी गुर्जर, पुर, ओड़ेला, इंदपुर, तिलवाड़ आदि गांवों में 55 से अधिक बिजली के पोल टूट गए। तीन थ्री फेज और तीन सिंगल फेज ट्रांसफार्मर गिर जाने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। सबसे अधिक नुकसान चौमा में हुआ, जहां लगभग बिजली के 35 पोल टूटे और ट्रांसफार्मर गिर गए। रातभर मच्छरों ने काटने से लोगों की नींद उड़ी।

मकान पर पेड़ गिरा, छज्जा टूटा

कनिष्ठ अभियंता दिलीप मीणा ने बताया कि उनके क्षेत्र में कुल 34 पोल टूटे हैं। चौमा गांव में ईसाख खां पुत्र चाहत खां के मकान पर पेड़ गिरने से छज्जा टूट गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई चपेट में नहीं आया। बिजली बंद रहने से चौमा में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। अधिकांश लोग खेतों में लगी मोटरों से पानी लेते हैं, लेकिन बिजली न होने से पानी के लिए लोगों और पशुओं को इधर-उधर भटकना पड़ा। कनिष्ठ अभियंता लक्ष्मी वर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से सभी गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू करने के प्रयास जारी हैं। लाइनों को तेजी से दुरुस्त किया जा रहा है।

पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त

कोठीनारायणपुर (राजगढ़). टहला स्थित गोला का बास में तेज अंधड़ और बारिश से महिला किसान भोतीदेवी मीणा का पॉलीहाउस दो हिस्सों में बंट गया और उसमें लगी फसल नष्ट हो गई। यह पॉलीहाउस हाल ही में राज्य सरकार की सब्सिडी योजना के तहत बनवाया था। किसान ने इसमें लाखों रुपए लगाए थे। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र मीणा और ग्रामीणों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित किसान को आर्थिक राहत या पॉलीहाउस का पुनर्निर्माण करने की मांग की है।

तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश

राजगढ़. कस्बे तथा आसपास के क्षेत्र में सोमवार शाम तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। इससे मौसम सुहाना हो गया। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई।

Updated on:
10 Jun 2026 06:32 pm
Published on:
10 Jun 2026 04:42 pm