अलवर

राजस्थान पुलिस ने अलवर में किया ऐसा काम, सुषमा स्वराज ने भी ट्वीटर पर दी बधाई

सुषमा स्वराज ने राजस्थान पुलिस को ट्वीटर पर बधाई दी है।
2 min read
Jun 15, 2018
Sushma swaraj tweet for rajasthan police for finding french tourist
राजस्थान पुलिस ने अलवर में किया ऐसा काम, सुषमा स्वराज ने भी ट्वीटर पर दी बधाई

अलवर. अजमेर के पुष्कर से एक जून को लापता हुई फ्रांसीसी महिला पर्यटक 21 वर्षीय गाएली शोउतो आखिर अलवर के भिवाड़ी क्षेत्र के चौपानकी में मिल गई। वह चौपानकी के सारेकला इन्दौर रोड स्थित ज्योति आर्गेनिक फार्म हाउस में रह रही थी।

केन्द्रीय विदेश मंत्री ने किया ट्वीट

भारत भ्रमण पर आई फ्रांस की पयर्टक के लापता होने पर केन्द्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने बुधवार को ट्वीट कर परिजन को जानकारी दी कि वे इस मामले में फ्रांस के राजदूत के बराबर सम्पर्क में हैं। विदेश मंत्री की ओर से मामले में तत्परता दिखाने के बाद जिला पुलिस ने भी महिला पर्यटक की तलाश तेज कर दी है। महिला पर्यटक का एक जून को अजमेर से जयपुर जाने का कार्यक्रम था, लेकिन जयपुर रवाना होने से पहले उसने होटल में अलवर टपूकड़ा को सर्च किया था।

वह एक जून सुबह बस स्टैंड पर स्थित सीसीटीवी फुटेज में भी नजर आई। इसके बाद वह कहां गई पता नहीं चला था। गौरतलब है कि महिला पर्यटक 26 फरवरी को कोलकाता आई थी। वह 30 अप्रेल को जोधपुर से अजमेर आई। दो दिन ठहरने के बाद एक जून को होटल छोड़ चौपानकी स्थित फार्म हाउस के लिए निकल गई।

Rajasthan Police for finding french tourist" src="https://new-img.patrika.com/upload/2018/06/15/tweet_2957348-m.jpg">

माता-पिता को किया था मैसेज

चौपानकी स्थित फार्म हाउस आने से पहले फ्रांसीसी महिला पर्यटक ने अपने पिता को व्हाट्स अप पर मैसेज भी किया था। पुलिस के अनुसार संभवतया उन्होंने मैसेज नहीं देखा और उसके लापता होने की सूचना एम्बेसी को कर दी। विदेशी महिला पर्यटक ने पुलिस को बताया कि वह बस से धारूहेड़ा पहुंची। यहां से उसने फार्म हाउस की संचालिका को फोन किया। इस पर फार्म हाउस का कर्मचारी मौके पर पहुंचा और उसे लेकर फार्म हाउस आया। विदेशी महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से यहां घूमने आई है और कुछ दिन और यहां रहना चाहती है।

विदेशी महिला पर्यटक के लापता होने का मैसेज मिला था। इस पर बुधवार देर रात होटल, धर्मशाला, सराय आदि को सर्च कराया गया। गुरुवार को चौपानकी के एक फार्म हाउस के चौकीदार ने विदेशी महिला पर्यटक के चेहरे से मिलती-जुलती महिला के ठहरने की सूचना दी। विदेशी महिला की उसके परिजनों से बात कराई गई। वह सुरक्षित व स्वस्थ है। अजमेर पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। फार्म हाउस संचालिका के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उसने सी-फार्म नहीं भरा।
राहुल प्रकाश, जिला पुलिस अधीक्षक अलवर।

Published on:
15 Jun 2018 10:13 am