
अलवर। जिले के कठूमर उपखंड के तसई गांव में रविवार का दिन एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी लेकर आया, जिसे शायद वह कभी भूल नहीं पाएगा। सुबह तक घर के लोग अपने-अपने काम में जुटे थे, लेकिन कुछ ही घंटों में परिवार के दो जवान बेटों की अर्थियां उठने की नौबत आ गई। पहले छोटे भाई की करंट लगने से मौत हुई और उसकी खबर सुनते ही बड़े भाई को ऐसा सदमा लगा कि उसे हार्ट अटैक आ गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी भी सांसें थम गईं। एक ही दिन में दो सगे भाइयों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार तसई गांव के गौरवाली मोहल्ला निवासी जितेंद्र चौहान उर्फ जीतू (28) पुत्र अतरसिंह लालसोट क्षेत्र में एक ठेकेदार के अधीन बिजली लाइन पर काम करता था। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह बिजली लाइन पर कार्य कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया।
बताया गया कि छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही बड़े भाई प्रकाश चौहान (32) गहरे सदमे में आ गए। परिवार के लोगों के सामने ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। घबराए परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें कठूमर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि परिजनों का कहना है कि प्रकाश पिछले कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे, लेकिन छोटे भाई की मौत का सदमा उनके लिए जानलेवा साबित हुआ।
इस दर्दनाक घटना ने परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है। जीतू अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से उनका भविष्य अनिश्चितता में घिर गया है। वहीं बड़ा भाई प्रकाश अविवाहित था। दोनों छह भाइयों के संयुक्त परिवार में रहते थे।
परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार वे भूमिहीन हैं और पिता अतरसिंह गांव में घर के बाहर लकड़ी का छोटा-सा खोखा लगाकर रोजमर्रा का सामान बेचते हैं। इसी छोटी सी आमदनी से पूरे परिवार का गुजर-बसर होता है। छह भाइयों में केवल दो की ही शादी हुई थी। ऐसे में एक ही दिन में दो बेटों को खो देने का दर्द परिवार के लिए असहनीय बन गया है।
गांव में हर व्यक्ति इस घटना से स्तब्ध है। जिस घर में सुबह तक सामान्य दिनचर्या थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रही है, लेकिन माता-पिता और परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। एक ही परिवार से दो जवान बेटों की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।