अलवर

Alwar: कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के लिए अपना शरीर दान करने वाले विवेक जैन का निधन, लंबे समय से थे बीमार

कोरोना वैक्सीन के ट्रायल के लिए अपना शरीर दान करने वाले अलवर के विवेक जैन का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थे और समाजसेवा के कई कार्यों से जुड़े थे।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 12:11 PM IST
vivek jain
विवेक जैन (Photo-Patrika)

अलवर। कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन के ट्रायल के लिए अपना शरीर दान करने वाले अलवर निवासी विवेक जैन का बुधवार को निधन हो गया। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से सामाजिक और धार्मिक संगठनों में शोक की लहर है। कोरोना वैक्सीन के ट्रायल में योगदान देने के लिए भारत सरकार की ओर से भी उन्हें विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

विवेक जैन सामाजिक कार्यों में काफी सक्रिय रहते थे। वे सरिता जन सेवा न्याय हित समिति के अध्यक्ष थे। वकालत के पेशे से जुड़े होने के साथ ही वे जरूरतमंदों और पीड़ित लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। खासकर दिव्यांग लोगों की सहायता करना उनके सामाजिक कार्यों का अहम हिस्सा था। उन्होंने अपने जीवन में समाजसेवा को प्राथमिकता दी और कई ऐसे काम किए, जिनसे जरूरतमंद लोगों को मदद मिली।

पशु-पक्षियों और जरूरतमंदों की सेवा में भी रहे आगे

विवेक जैन केवल इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों की सेवा के लिए भी जाने जाते थे। वे नियमित रूप से कुत्तों को दलिया, दूध और पौष्टिक आहार खिलाते थे। गोसेवा के प्रति भी उनका विशेष लगाव था। इसके अलावा उन्होंने नीलगाय जैसे वन्यजीवों की जान बचाने के लिए भी कई प्रयास किए। उनका मानना था कि इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जीवों की देखभाल करना भी समाज की जिम्मेदारी है।

रक्तदान शिविर लगाकर की लोगों की मदद

समाजसेवा के क्षेत्र में विवेक जैन ने रक्तदान शिविरों के आयोजन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन शिविरों के जरिए जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिली। उनके सामाजिक कार्यों को देखते हुए केंद्र और राज्य स्तर पर कई बार सम्मानित किया गया था।

निधन पर सामाजिक संगठनों ने जताया शोक

विवेक जैन के निधन पर शाकाहारी समिति के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश गुप्ता, गठरू-मटरू दाऊजी मंदिर के अध्यक्ष अनिल चौधरी सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त किया। पुस्तक विक्रेता संघ, जिला अभिभाषक संघ, प्रकृति मैत्री क्लब, दिव्यांग जन सेवा समिति, रोटरी ब्लड बैंक सोसायटी और जैन समाज से जुड़े संगठनों ने भी उनके निधन पर दुख जताया।

लोगों ने विवेक जैन के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि जरूरतमंदों, दिव्यांगों और बेजुबान जानवरों की सेवा के लिए किए गए उनके काम हमेशा याद रखे जाएंगे।

Updated on:
12 Nov 2026, 12:11 PM IST
Published on: