अम्बेडकर नगर

एक साथ उठे चार बच्चों के जनाजे, तो पूरा गांव भी रो पड़ा, कातिल मां अब भी फरार

Ambedkar Nagar News: अंबेडकर नगर में चार मासूम बच्चों की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है। शव गांव पहुंचते ही मातम छा गया, जबकि मां पर शक गहराने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
3 min read
ambedkar nagar four children murder case
एक साथ उठे चार बच्चों के जनाजे..

Four Children Murder Case Ambedkar Nagar:अंबेडकर नगर जिले के महरुआ क्षेत्र के कसड़ा गांव में रविवार का दिन बेहद दर्दनाक और भावुक रहा। शनिवार को हुई चार मासूम बच्चों की हत्या के बाद जब पोस्टमार्टम के बाद उनके शव गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही एंबुलेंस गांव में पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और पूरे माहौल में गहरा शोक छा गया। हर चेहरा गमगीन था और गांव में सन्नाटा पसरा रहा।

एक साथ चार जनाजे उठने का दर्दनाक दृश्य

जोहर की नमाज के बाद चारों बच्चों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ चार जनाजे उठने का दृश्य इतना मार्मिक था कि हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव के कब्रिस्तान में सऊद (12) और उमर (10) को एक साथ दफनाया गया, जबकि शफीक (14) और बयान (8) को पास में ही सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और कई थानों की पुलिस भी मौजूद रही। पूरा गांव इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया।

हत्या की वारदात ने खड़े किए कई सवाल

शनिवार को अकबरपुर के मीरानपुर मुरादाबाद में स्थित घर के अंदर चारों बच्चों के शव खून से लथपथ हालत में मिले थे। शुरुआती जांच में ईंट और हथौड़े से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। घर अंदर से बंद था और मां गासिया खातून के लापता होने से शक उसी पर केंद्रित हो गया। पुलिस को यह भी शक है कि बच्चों को पहले कोई नशीला या विषैला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। कई टीमें मामले की जांच में लगी हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन को अनलॉक करने की कोशिश जारी है, जबकि कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी दिशा में कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा है।

हर कोई जानना चाहता है सच

चार मासूमों की एक साथ हत्या की इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। कसड़ा गांव में लगातार लोगों का आना-जाना बना हुआ है और हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध है। लोग जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा होने की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मां की तलाश तेज कर दी गई है।

नाना ने बेटी को बताया निर्दोष

मृत बच्चों के नाना ने अपनी बेटी गासिया खातून पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी ऐसा जघन्य अपराध नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी दुश्मनी के चलते इस घटना को गलत दिशा दी जा रही है। नाना के अनुसार, बेटी और दामाद के बीच किसी तरह का पारिवारिक विवाद नहीं था और परिवार सामान्य जीवन जी रहा था।

परिवार ने जताई साजिश की आशंका

मृत बच्चों के बड़े पापा सलीम ने भी इस घटना को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि गासिया खातून अकेले इस तरह की वारदात को अंजाम नहीं दे सकती। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता हो सकती है। घटना से एक दिन पहले तक परिवार में सब कुछ सामान्य था और फोन पर हुई बातचीत में भी किसी अनहोनी का संकेत नहीं मिला था।

दीवारों और बिस्तर पर खून के निशान

एसपी प्राची सिंह के अनुसार, कमरे की दीवारों और बिस्तर तक खून के छींटे फैले हुए थे। बच्चों के उल्टी करने के निशान भी मिले हैं, जिससे यह शक और मजबूत होता है कि उन्हें पहले कुछ विषैला पदार्थ दिया गया था। इसके बाद उनके सिर पर ईंट और हथौड़े से वार किए गए। हालांकि घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।

Updated on:
03 May 2026 05:45 pm
Published on:
03 May 2026 05:45 pm
Also Read
View All
’20 करोड़ की गाड़ी से गरीबों और दलितों पर हाथ हिलाएंगे!’ अखिलेश की ‘PDA यात्रा’ पर ओम प्रकाश राजभर का करारा तंज

UP Digital Labour Chowk App: अब काम के लिए भटकने की जरूरत नहीं, मोबाइल पर ही मिलेगा आपकी योग्यता के हिसाब से रोजगार

‘आम आदमी न्याय के लिए किस दरवाजे पर दस्तक दे’, IPS की मां की हत्या पर चंद्रशेखर आजाद ने उठाए सवाल

सीनियर IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या को लेकर मायावती ने उठाए सवाल! बोलीं- आमजन की सुरक्षा का क्या होगा?

IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा की मां की मौत पर नया अपडेट, पोस्टमार्टम में विसरा प्रिजर्व; हार्ट जांच से खुलेगा मौत का राज