
अंबेडकरनगर जिले के बसखारी थाना क्षेत्र के प्रतापपुर बेलवरिया गांव की यह प्रेम कहानी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव में रहने वाले चंद्रशेखर नामक व्यक्ति की पत्नी इंद्रावती अचानक घर से गायब हो गई थी। चंद्रशेखर दूसरे शहर में रहकर मजदूरी करते हैं और वहीं से अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करते हैं। 10 दिन पहले जब उनकी पत्नी गायब हुई तो उन्होंने आस-पास पता लगाया, तब सामने आया कि उनकी पत्नी का गांव के ही 25 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध चल रहा था।
महिला की उम्र जहां 52 वर्ष है, वहीं उसका प्रेमी मात्र 25 वर्ष का है। महिला के पति चंद्रशेखर ने बताया कि उनकी शादी इंद्रावती से करीब 20 साल पहले हुई थी। यह इंद्रावती की दूसरी शादी थी। पहले पति से एक बेटी है, जबकि चंद्रशेखर से दो बेटे और एक बेटी हैं। चंद्रशेखर ने बताया कि कुछ समय से पत्नी का व्यवहार उनके प्रति बदल गया था, वह न ठीक से बात करती थी और न ही किसी बात पर ध्यान देती थी।
चंद्रशेखर का दावा है कि पत्नी और उसका प्रेमी मिलकर परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना भी बना रहे थे, लेकिन समय रहते उसे इस साजिश की भनक लग गई। फिर महिला युवक के साथ भाग गई और गोविंद साहब मंदिर में विवाह कर लिया। चंद्रशेखर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई लेकिन पुलिस ने कहा कि यदि दोनों बालिग हैं और साथ रहना चाहते हैं तो वे कुछ नहीं कर सकते। अब महिला के पति ने कहा, “वो अब हमारे लिए मर चुकी है, उसने हमारे साथ धोखा किया।” महिला की इस घटना से पूरा परिवार शर्मसार है।