
UP Digital Labour Chowk: काम की तलाश में अब श्रमिकों को हर जगह जाकर रोजगार पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी। राजमिस्त्री, बढ़ई, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, पेंटर या वेल्डर जैसे काम करने वाले लोग अब अपने मोबाइल से ही अपनी प्रोफाइल बनाकर रोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे। इसके लिए श्रम विभाग ने उत्तर प्रदेश डिजिटल लेबर चौक एप तैयार किया है।
इस पहल का मकसद स्थानीय स्तर पर श्रमिकों को उनकी योग्यता और अनुभव के मुताबिक काम से जोड़ना है। हालांकि, जिले में अभी इस सुविधा से जुड़ने वाले श्रमिकों की संख्या काफी कम है। अंबेडकरनगर में करीब 1.51 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जबकि अब तक सिर्फ 315 लोगों ने डिजिटल लेबर चौक एप इंस्टाल किया है।
डिजिटल लेबर चौक एप निर्माण श्रमिकों के अलावा कुशल, अर्द्धकुशल और अकुशल श्रमिकों के लिए भी उपयोगी है। श्रमिक अपने मोबाइल नंबर से पंजीयन कर एप पर नाम, पता, काम का प्रकार, कौशल, अनुभव और जिस क्षेत्र में रोजगार चाहते हैं, जैसी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रोफाइल तैयार होने के बाद श्रमिकों को उपलब्ध रोजगार की जानकारी हासिल करने में आसानी होगी। यानी किसी काम के लिए इधर-उधर भटकने के बजाय मोबाइल के माध्यम से ही रोजगार के विकल्प तलाशे जा सकेंगे।
सहायक श्रमायुक्त संत पाल ने बताया कि डिजिटल लेबर चौक एप श्रमिकों और रोजगार देने वालों के बीच संपर्क स्थापित करने में मदद करेगा। इससे काम तलाशने में लगने वाले समय और संसाधनों को भी कम किया जा सकेगा। श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों को इस सुविधा के बारे में जानकारी देने के लिए जागरूकता और पंजीयन शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में एप इंस्टाल कराने के साथ ही प्रोफाइल बनाने और उसे अपडेट करने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है।
एप पर प्रोफाइल बनाते समय श्रमिकों के लिए अपनी वास्तविक योग्यता और अनुभव की जानकारी देना जरूरी है। विभाग ने श्रमिकों से कहा है कि वे अपनी प्रोफाइल को समय-समय पर अपडेट करते रहें। इससे उनकी योग्यता के अनुरूप काम मिलने की संभावना बेहतर होगी। किसी तरह की परेशानी होने पर श्रमिक निकटतम श्रम कार्यालय, जनसेवा केंद्र या विभागीय शिविर में मदद ले सकते हैं।
स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर तलाशने में मदद मिलेगी। श्रमिक और रोजगार देने वाले सीधे संपर्क में आ सकेंगे। कुशल और प्रशिक्षित श्रमिकों को उनकी योग्यता के अनुरूप काम से जोड़ने में सुविधा होगी। रोजगार तलाशने में समय और संसाधन कम खर्च होंगे। डिजिटल माध्यम से रोजगार तलाशने का विकल्प मिलेगा।
श्रम विभाग ने पात्र श्रमिकों से भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं, ई-श्रम, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन और अन्य संबंधित योजनाओं में पंजीयन व नवीनीकरण की जानकारी भी अपडेट रखने को कहा है।