
अंबिकापुर. सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सानीबर्रा के सेमीघोघरा जंगल में शनिवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब ग्रामीणों ने घने जंगल में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खोदकर किसी संदिग्ध वस्तु को दफन (Buried in pit) किए जाने की जानकारी दी। गड्ढे से सफेद कपड़ा बाहर निकला हुआ था। ग्रामीणों को आशंका है कि गड्ढे में किसी व्यक्ति के शव को दफन किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि एक कार से 2 युवक फावड़ा लेकर उतरे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा हो जाने की वजह से गड्ढे की खुदाई नहीं की जा सकी। रविवार की सुबह गड्ढे की खुदाई कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में की जाएगी। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर गड्ढे में क्या है?
उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सानीबर्रा के सेमीघोघरा जंगल में बुधवार को कुछ ग्रामीण मवेशी चराने गए थे। उनका कहना है कि सफेद रंग की एक बोलेरो जंगल के किनारे आकर रुकी थी। वाहन से 2 लोग फावड़ा लेकर नीचे उतरे थे। उन्हें लगा कि वे छुही मिट्टी लेने आए होंगे, इस वजह से उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
लेकिन जंगल किनारे केकड़ा पकड़ रहे बच्चों ने कहा कि फावड़ा लिए लोग उन्हें देखकर छिप रहे थे। इसके बाद उन्हें शंका हुई। जब मवेशी चराने गए कुछ लोग घने जंगल में पहुंचे तो वहां करीब 5 फीट कए एक गड्ढा खोदा (Grave) हुआ देखा। ऐसे में वहां किसी चीज के वहां दफन किए जाने का संदेह हुआ। उन्हें लगा कि किसी व्यक्ति को वाहन से उतरे लोगों ने दफनाया होगा। उन्होंने गड्ढे से बाहर निकला एक सफेद कपड़ा भी देखा।
किसी व्यक्ति का शव दफन (Man body buried) किए जाने की आशंका पर उन्होंने शनिवार की दोपहर मामले की सूचना उदयपुर थाने में आकर दी। पुलिस की टीम जब जंगल में पहुंची और संदिग्ध स्थान की तलाश की तो शुरुआती खोज में कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला। इस संबंध में उदयपुर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि शाम हो जाने के कारण गड्ढे की खुदाई नहीं कराई गई है।
पुलिस का कहना है कि रविवार को मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद संदिग्ध गड्ढे की खुदाई कराई जाएगी। इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर में गड्ढे में दफन चीज किसी व्यक्ति की है या जानवर की। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है।