
अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ देश का सबसे अमीर प्रदेश है। यहां कोयला है, बाक्साइट है, लेकिन यहां के लोग सबसे गरीब हैं। जिस प्रदेश की धरती में हीरे की खान है वहां के लोग सबसे गरीब हैं यह सबसे बड़ी बिडंबना है। सरगुजा के लोग पहले ही यहां से भाजपा का सफाया कर बदलाव का संकेत दे चुके हैं लेकिन यहां के लोगों के पास कोई विकल्प नहीं था।
अब आम आदमी पार्टी यहां के लोगों के सहयोग से प्रदेश में चल रहे भाजपा व कांग्रेस के गठजोड़ को उखाड़ फेंकेगी। रायपुर में हुए सम्मेलन में उमड़े जनसैलाब को देख यहां के कांग्रेसी व भाजपाई घबरा गए हैं और उनके मन में चिंता सताने लगी है कि कहीं यहां भी दिल्ली जैसा उनका हाल न हो जाए।
नेता प्रतिपक्ष का क्षेत्र है, लेकिन यहां से भाजपा के खिलाफ कोई बड़ा आंदोलन नहीं हुआ। उक्त बातें रविवार को घर-घर जाबो, बदलाव लाबो अभियान के समापन कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के श्रम मंत्री व प्रदेश प्रभारी गोपाल राय ने कहीं।
प्रदेश में आम आदमी पार्टी द्वारा 22 मार्च से 'घर-घर जाबो, बदलाव लाबो' अभियान की शुरूआत करते हुए विधानसभा चुनाव का आगाज किया गया था। रविवार को इस अभियान का समापन कार्यक्रम डाइट मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के श्रम मंत्री व पार्टी के प्रदेश प्रभारी गोपाल राय थे।
इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा से आए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ एक ऐसा प्रदेश है जो देश का सबसे अमीर प्रदेश है। लेकिन यहां रहने वाले सबसे गरीब हैं। प्रदेश में कायेले की खान है, बाक्साइट की खान है। लेकिन इसका लाभ अन्य प्रदेश के लोग उठा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ के कोयले की खदानों पर अदानी का कब्जा है और यहां के आम लोग हाथियों के पैरों के तले कुचले जा रहे हैं। यहां के आदिवासियों, गरीबों के मेहनत की कमाई फसलों को हाथी चट कर रहे हैं लेकिन सरकार कुछ नहीं कर रही है।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री यहां आए थे तो कहा था कि नेता प्रतिपक्ष जो मांगते हैं वह मै देता हूं, तो क्या हाथी भी नेता प्रतिपक्ष ने मांगा था। कांग्रेस व भाजपा का यहां गठजोड़ है। गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में जिस तरह से संगठन को खड़ा किया है। उससे लगने लगा है कि यहां के लोग अब बदलाव के मूड में है।
सरगुजा के 8 में से 7 सीट कांग्रेस के पास है, लेकिन इसके बावजूद यहां के कांग्रेसियों द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ कुछ नहीं बोलना इनके बीच हुए समझौते को दिखाता है। आदिवासी व गरीब अपने बच्चों को इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष साकेत ठाकुर, मनोज दुबे, साकेत त्रिपाठी, सौरभ, सुखवंती देवी, इन्द्रदेव नाग सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सरगुजा में अदानी से कांग्रेस का ताना-बाना
गोपाल राय ने कहा कि सरगुजा की कोयला खदानों पर अदानी का कब्जा है। अदानी से भाजपा की सांठ-गाठ है, लेकिन सरगुजा में सुनने में आया है कि अदानी से कांग्रेस का काफी अच्छा ताना-बाना है। दोनों ही पार्टियों को आम आदमी से कोई लेना देना नहीं है। इस गठजोड़ को पूरे प्रदेश से उखाड फेंकने का समय आ गया है।
सड़कों की स्थिति खराब
साकेत ठाकुर ने कहा कि सरगुजा नेता प्रतिपक्ष का गृहक्षेत्र है। लेकिन यहां की सड़के काफी खस्ताहाल हंै। रिंग रोड पर चलने की स्थिति नहीं है। इसके साथ ही बाहर की सड़कें लोगों की जान ले रही है।
इस बार बदलाव के मूड में है सरगुजा
राय ने कहा कि सरगुजा अब बदलाव के मूड में है। यहां के लोग पहले ही भाजपा को उखाड़ फेंके हैं और जिस तरह से कांग्रेस का यहां रवैया है, यहां के लोग जल्द ही उसे उखाड़ फेंकेंगे। पहले यहां के लोग कांग्रेस व भाजपा को वोट देते थे। लेकिन अब यहां से कांग्रेस को भी उखाड़ फेंकेंगे। यहां की फितरत है कि सरगुजावासी ज्यादा दिन तक किसी को बर्दाशत नहीं करते हैं।