
अंबिकापुर. कथित सेक्स सीडी के मामले में भाजयुमो द्वारा प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किए जाने के बाद सोमवार को कांग्रेसियों द्वारा पीडब्ल्यूडी मंत्री का शव यात्रा निकाल विरोध प्रदर्शन किया। घड़ी चौक पर पुतला को नाली में फेंकने जा रहे कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई।
बाद में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंप भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए घोटालों की न्यायिक जांच कराने की मांग की।
पीडब्ल्यूडी मंत्री के खिलाफ कथित सीडी कांड के खिलाफ कांग्रेसियों ने सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय कोठी घर से शव यात्रा निकाल विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कोठी घर से सांकेतिक शव यात्रा निकाली, जो सदर रोड होते हुए महामाया चौक, देवीगंज मार्ग से होते हुए घड़ी चौक पहुंची।
सांकेतिक शव यात्रा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाली गई। घड़ी चौक पर पुलिस ने कांग्रेसियों को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद कार्यकर्ता पुतले को घेरा बनाकर पहले जलाने की फिराक में थे। लेकिन इसमें वे सफल नहीं हो सके। रविवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का पुतला नाली में फेंक दिया था।
इसके फलस्वरूप कांग्रेसी कार्यकर्ता भी घड़ी चौक पर पीडब्ल्यूडी मंत्री राजेश मूणत का पुतला नाली में फेंकने जा रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को छीनने को लेकर जमकर झूमाझटकी हुई।
पुलिस किसी तरह से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने में सफल रही। इसके बाद कांग्रेसियों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पुष्पेन्द्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर वापस लौट गया। ज्ञापन सौंपते हुए कांग्रेसियों ने कथित सीडी कांड में जब तक सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती है मूणत को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।
इसके साथ ही इंदिरा प्रियदर्शनी घोटाला, गर्भाशय कांड, झीरम कांड, अंबिकापुर में बहुचर्चित दोहरा हत्याकांड की जांच सीबाआई से कराए जाने की मांग की। इस दौरान बालकृष्ण पाठक, शफी अहमद, महापौर डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, द्वितेन्द्र मिश्रा, अजय सिंह, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सतीश बारी, आलोक सिंह, मधु दीक्षित, कृतिका पांडेय सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।