
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के शिमला के नाम से विख्यात मैनपाट में देश का दूसरा सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा स्थापित करने की घोषणा छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से की गई है। इसे लेकर अब सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो (Sitapur MLA Ramkumar Toppo) और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अमरजीत भगत ने कहा कि यह विधायक का बड़बोलापन है, काम वहीं करना चाहिए जो संभव हो। पूर्व मंत्री के इस बयान पर विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि सरगुजा की जनता उनसे पूछ रही है कि वे अपना मूंछ क्यों नहीं मुड़वा रहे हैं। पहले वे अपना वादा पूरा करें, फिर किसी और पर सवाल उठाएं।
सीताुपर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि ऐसा नहीं है कि मैंने मैनपाट (Mainpat) में देश का दूसरा सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा लगाने की बात नहीं कही है। अभी तो मुझे 3 साल भी नहीं हुए हैं। 10 दिन बचे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें तो 20 साल से जनता ने यहां रखा और इस बीच उन्हें राज्य में मंत्री बनने का भी अवसर प्राप्त हुआ।
मैं उन्हें यही कहना चाहता हूं कि हम सीतापुर को स्वीटजरलैंड क्यों बनाएं? हम किसी और के कल्चर और प्रथा को यहां क्यों लाएंगे। हम सीतापुर को सीतापुर ही बनाएंगे और बना रहे हैं। इतने वरिष्ठ (Former Minister Amarjeet Bhagat) होने के बाद भी वे अपने कमिटमेंट पर अडिग नहीं हैं तो दूसरे पर सवाल उठाने का उन्हें कोई हक नहीं है।
पहले वे अपना मूंछ क्यों नहीं मुड़ा रहे हैं, सरगुजा की जनता यह उनसे पूछ रही है। पहले वे अपना वो वादा पूरा करें। बाकी विष्णुदेव साय की सरकार ने झंडा लगाने की घोषणा की है तो तिरंगा झंडा लगेगा। यह मैनपाट के ऐसी जगह पर लगेगा, जो हम सब के लिए गर्व की बात होगी।
कांग्रेस शासन के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने मैनपाट में दूसरा सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा (National Flag) लगाने की घोषणा को लेकर सीतापुर विधायक पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि यह उनका बड़बोलापन है।
कभी ये स्वीटजरलैंड बनाने की बात करते हैं तो कभी देश का दूसरा सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा लगाने की बात करते हैं। उन्हें मना किसने किया है, लेकिन वहीं करो, जो संभव है।