भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष 10 जून को पहुंचेंगे अंबिकापुर, सीएम के साथ विकास यात्रा में करेंगे रोड शो, आमसभा को करेंगे संबोधित
अंबिकापुर. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 10 जून को अंबिकापुर में सीएम के साथ रोड शो में शामिल होंगे। अमित शाह के दिल्ली से अंबिकापुर तक पहुंचने, यहां के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद फिर दिल्ली वापस लौटने तक का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है।
इधर प्रशासन द्वारा अमित शाह व सीएम की विकास यात्रा को लेकर पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भी शहर को होर्डिंग्स व कटआउट से सजा दिया है। पूरा शहर भाजपामय हो गया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का 10 जून को अंबिकापुर दौरा है। शहर में रोड शो व पीजी कॉलेज मैदान में आमसभा को संबोधित करने के बाद वे यहां रात्रि विश्राम भी करेंगे। 11 जून को वे दिल्ली लौटेंगे। दिल्ली से उनका मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम निर्धारित कर दिया गया है।
ऐसा रहेगा दौरा कार्यक्रम
1. अमित शाह 10 जून को सुबह 9.15 बजे अकबर रोड नई दिल्ली से कार से निकलकर 9.45 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, टर्मिनल पर पहुंचेंगे।
2. 10 बजे वे एयरपोर्ट से विशेष विमान से प्रस्थान कर 11.30 बजे दरिमा हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे।
3. दरिमा से 11.45 बजे हेलीकॉप्टर से वे 12 बजे बसंत मल्टीप्लेक्स के पास बने हेलीपैड पर उतरेंगे।
4. 12 बजे हेलीपैड पर सीएम रमन सिंह सहित अन्य मंत्रीगण उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीएम के साथ विकास रथ पर सवार होकर रोड शो में शामिल होंगे।
5. रोड शो में वे सदर रोड, महामाया चौक, देवीगंज रोड होते हुए दोपहर 1 बजे पीजी कॉलेज मैदान में पहुंचेंगे। यहां वे हजारों लोगों की आमसभा को संबोधित करेंगे।
6. सभा को संबोधित करने के बाद 2.15 बजे कार से निकलकर 2.30 बजे सर्किट हाउस में पहुंचेंगे।
7. यहां रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान वे होटल मयूरा या भाजपा कार्यालय में स्टेट कोर कमेटी की बैठक लेंगे। एनएसजी के कमांडो द्वारा सुरक्षा व्यवस्था जांचने के बाद बैठक स्थल का चयन किया जाएगा।
8. सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद 11 जून की सुबह 8.15 बजे वे कार से निकलकर 8.45 बजे दरिमा हवाई अड्ड पहुंचेंगे।
9. वे 9 बजे दरिमा एयरपोर्ट से विशेष प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
10. 10.30 बजे वे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरेंगे और बाई रोड अकबर रोड के लिए निकलेंगे।