बोलेरो की चपेट में आने से मासूम का हाथ कटकर शरीर से हुआ अलग, गंभीर स्थिति में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा इलाज
अंबिकापुर. घर के बाहर खेल रही एक मासूम बालिका को तेज रफ्तार बोलेरो ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बोलेरो का पहिया चढ़ जाने से उसका बायां हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया। बालिका जब दर्द से कराहने लगी तो आवाज सुनकर मां दौड़कर आई और बेटी की हालत देख रोने लगी।
इधर उसकी दादी वहां पहुंची और मासूम का कटा हाथ लेकर बिलखने लगी। महिलाओं के रोने की आवाज सुनकर गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने भाग रहे वाहन के चालक को दौड़ाकर पकड़ा। इसके बाद गंभीर हालत में बालिका को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। यहां उसका इलाज जारी है।
लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम हसियाडांड़, बाबापारा निवासी 3 वर्षीय गायत्री रविवार की दोपहर करीब 1.30 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी। इधर ग्राम झेराडीह निवासी जय त्रिपाठी अपनी बोलेरो वाहन लेकर अंबिकापुर से अपने गांव तेज रफ्तार में जा रहा था। वह बाबापारा में पहुंचा ही था कि बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और खेल रही गायत्री को अपनी चपेट ले ले लिया।
हादसे में बोलेरो का पहिया गायत्री के बायें हाथ पर चढ़ गया। इससे गायत्री का हाथ शरीर से अलग हो गया। हादसे के बाद दर्द से तड़प रही मासूम गायत्री की मां कराहने की आवाज सुनकर तत्काल बेटी के पास पहुंची और गोद में उठाया।
इधर घटना के बाद जय त्रिपाठी बोलेरो लेकर वहां से उसी रफ्तार में भाग रहा था, जिसे गांव के युवकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और लुंड्रा पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल बालिका को तत्काल लुंड्रा अस्पताल में पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसका इलाज जारी है।
कटा हाथ लेकर बिलखती रही दादी
घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। मौके पर बालिका की दादी भी उपस्थित थी। वह सड़क किनारे कटा पड़ा मासूम का हाथ अपने हाथ में लेकर बिलखती रही। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर बोलेरो चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।